गुजरात में बोले पीएम मोदी...निराशावादी लोगों ने हमेशा भारत को दूसरे देशों पर निर्भर रखा

सूरत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को गुजरात दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने सूरत में सड़क, बिजली, जल प्रबंधन और औद्योगिक विकास से जुड़ी 18,800 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सूरत देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले शहरों में शामिल है और यहां विकास को नई गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू की गई हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार विकास और पर्यावरण संरक्षण को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि आज भारत "इकोनॉमी भी, इकोलॉजी भी" के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है, जिससे विकास और प्रकृति के बीच संतुलन कायम किया जा सके।
सर्कुलर वाटर इकोनॉमी और तापी बैराज परियोजना पर जोर
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने सूरत की सर्कुलर वाटर इकोनॉमी का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आजकल सूरत की सर्कुलर वाटर इकोनॉमी की काफी चर्चा हो रही है और आने वाले कई दशकों तक शहर को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने तापी बैराज परियोजना को मंजूरी दी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जल संसाधनों का बेहतर उपयोग और दीर्घकालिक योजना किसी भी शहर के सतत विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सूरत में शुरू की गई नई परियोजनाएं न केवल शहर की आधारभूत संरचना को मजबूत करेंगी, बल्कि उद्योग, रोजगार और निवेश को भी बढ़ावा देंगी।
आत्मनिर्भर भारत पर विपक्ष को घेरा
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में आत्मनिर्भर भारत अभियान का उल्लेख करते हुए विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, **"आज देश में कुछ निराशावादी लोग आत्मनिर्भर भारत अभियान का मजाक उड़ाते हैं। ये वे लोग हैं जिन्होंने हमेशा भारत को दूसरे देशों पर निर्भर रखा। वे लोग भूल जाते हैं कि दूसरों पर निर्भर देश कभी भी विकास की वो ऊंचाई प्राप्त नहीं कर सकता जिसका वो हकदार है। भारत नकारात्मकता से आगे निकल चुका है। यह आशावाद से भरा हुआ और असाधारण आकांक्षाओं से प्रेरित राष्ट्र है।" प्रधानमंत्री ने आगे कहा, "आप दो कदम चलेंगे, मैं तीन कदम चलने के लिए तैयार हूं। रूकना और थकना हमें मंजूर नहीं है। किसी पार्टी को इतने लंबे समय तक जनता का आशीर्वाद नहीं मिला। जनता ने हमारे सेवा-भाव को समर्थन दिया है। हमें विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करना है।"
ये भी पढ़ें: Assam Cabinet Expansion : सीएम हिमंत बिस्वा सरमा की टीम में 12 मंत्री शामिल, अब कुल 17 मंत्री
वैश्विक संकटों के बीच भारत की मजबूती का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने दुनिया के सामने मौजूद चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि वर्तमान समय में विश्व कई बड़े संकटों से गुजर रहा है। उन्होंने कहा, "आज दुनिया अभूतपूर्व चुनौतियों के दौर से गुजर रही है। कुछ समय पहले मैंने कहा था कि यह दशक दुनिया के लिए आपदा का दशक सिद्ध हो रहा है। हमने एक के बाद एक कई वैश्विक आपदाएं देखी हैं। पहले COVID-19 का बड़ा संकट आया; फिर जगह जगह युद्ध शुरू हो गए और अब ऊर्जा का इतना बड़ा संकट।"** उन्होंने आगे कहा कि इन परिस्थितियों के बावजूद भारत ने मजबूती दिखाई है। प्रधानमंत्री के अनुसार, "मुझे इस बात का संतोष है कि 140 करोड़ भारतीयों की साझा प्रयास से देश हर ऐसे संकट का मजबूती से सामना कर रहा है।"
विकास कार्यों और चुनावी सफलता का किया जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी सरकार की उपलब्धियों और हालिया चुनावी परिणामों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, "हमारी सरकार देश के विकास को टॉप प्रायोरिटी देते हुए काम कर रही है। यही कारण है कि देश भाजपा और उसके विकास के कार्यों पर भरोसा करता है, और यही कारण है कि जनता बार-बार भाजपा को जनादेश देती है।" उन्होंने हाल ही में किए गए अपने विदेश दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि विभिन्न देशों में भारत की बढ़ती भूमिका और राज्यों के विकास मॉडल पर चर्चा हो रही है। साथ ही उन्होंने बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा और एनडीए को मिले जनसमर्थन का भी उल्लेख किया।
कांग्रेस पर अराजकता फैलाने का आरोप
अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, "बीते 12 साल से कांग्रेस भारत में अराजकता और अनिश्चितता फैलाकर अवसर तलाश रही है, लेकिन देश की जनता ने उसे बार-बार मुंहतोड़ जवाब दिया है।" प्रधानमंत्री ने दावा किया कि गुजरात की जनता ने कांग्रेस को हाशिये पर पहुंचा दिया है और जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकारें हैं, वहां भी लोग शासन से असंतुष्ट हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और कर्नाटक का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस को लगातार चुनावी झटके मिल रहे हैं और जनता उसकी राजनीति को स्वीकार नहीं कर रही है।
ये भी पढ़ें: Yogi Adityanath: हर घर नल जल योजना बढ़ा रहे हैं, कोई टोटी चोरी कर ले रहा है... बोले सीएम योगी
विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान
अपने भाषण के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत आज तेजी से बदल रहा है और विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग और सरकार की योजनाओं के बल पर भारत आने वाले वर्षों में दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में अपनी स्थिति और मजबूत करेगा। सूरत में शुरू हुई नई परियोजनाओं को उन्होंने इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।












