चंडीगढ़ को मोदी की सौगात!'हमारा चंडीगढ़' से 'भारत का विकास मॉडल' तक, PM मोदी ने दी शहर को स्वास्थ्य और आधुनिक सुविधाओं की नई सौगात

चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ पहुंचकर शहर को विकास की नई योजनाओं की सौगात दी। पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान पीएम मोदी ने चंडीगढ़ को सुनियोजित विकास, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और आधुनिक व्यवस्थाओं वाला शहर बताया। उन्होंने PGI में MBBS कॉलेज शुरू करने की मंजूरी की घोषणा करते हुए कहा कि इससे उत्तर भारत के छात्रों और मरीजों को बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही उन्होंने शहर से अपने पुराने जुड़ाव को भी याद किया।
स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगा नया विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चंडीगढ़ दौरे के दौरान स्वास्थ्य क्षेत्र को सबसे बड़ी प्राथमिकता दी। उन्होंने PGI में MBBS कॉलेज शुरू करने की मंजूरी दी। इस फैसले के बाद चंडीगढ़ उत्तर भारत का ऐसा महत्वपूर्ण केंद्र बन जाएगा जहां मेडिकल शिक्षा के दो बड़े संस्थान होंगे। अभी सेक्टर-32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में MBBS की पढ़ाई होती है। नए मेडिकल कॉलेज से मेडिकल छात्रों के लिए अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र में डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी। इसका फायदा पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के लोगों को भी मिलेगा।
ये भी पढ़ें: SIR पर सुप्रीम कोर्ट की दो टूक: वोटर लिस्ट से नाम हटने पर खत्म नहीं होती नागरिकता
चंडीगढ़ सिर्फ शहर नहीं, विकास का मॉडल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चंडीगढ़ केवल एक शहर नहीं बल्कि पूरे देश के लिए विकास का मॉडल है। उन्होंने शहर की योजना, साफ-सफाई, आधुनिक सुविधाओं और बेहतर जीवनशैली की तारीफ की। पीएम मोदी ने कहा कि चंडीगढ़ का विकास केवल यहां रहने वाले लोगों तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास के राज्यों के लाखों लोगों को इसका फायदा मिलता है। उन्होंने कहा कि यह शहर उत्तर भारत के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
PGI से जुड़ी पुरानी यादें की साझा
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में चंडीगढ़ और PGI से अपने पुराने संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब वह चंडीगढ़ में रहते थे, तब कई बार PGI आने का मौका मिलता था। वर्ष 2015 में भी उन्हें PGI के दीक्षांत समारोह में शामिल होने का अवसर मिला था। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में PGI ने स्वास्थ्य सेवाओं और आधुनिक सुविधाओं के क्षेत्र में काफी विस्तार किया है।
हजारों करोड़ की परियोजनाओं की शुरुआत
पीएम मोदी ने चंडीगढ़ और ट्राईसिटी के लिए कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें PGI का एडवांस मदर एंड चाइल्ड सेंटर, एडवांस न्यूरोसाइंस सेंटर, नए हॉस्टल और सड़क परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा PGI में 150 बेड वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक का शिलान्यास भी किया गया। इन परियोजनाओं से इलाज, शिक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
डिजिटल और स्मार्ट सुविधाओं में आगे बढ़ रहा चंडीगढ़
प्रधानमंत्री ने कहा कि चंडीगढ़ डिजिटल गवर्नेंस और स्मार्ट सुविधाओं के मामले में भी देश के लिए उदाहरण बन रहा है। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता लागू करने, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर और स्मार्ट ट्रैफिक व्यवस्था जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से शहरों की सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सकता है और चंडीगढ़ इस दिशा में आगे बढ़ रहा है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में देश की बदलती तस्वीर
पीएम मोदी ने देश की स्वास्थ्य व्यवस्था में हुए बदलावों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में नए एम्स, मेडिकल कॉलेज और स्वास्थ्य संस्थानों की संख्या बढ़ी है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और ई-संजीवनी जैसी योजनाओं को स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने वाला कदम बताया।
ये भी पढ़ें: 'डॉक्टर कहलाने का हक नहीं': रेप पीड़िता बच्ची की मौत पर सुप्रीम कोर्ट की दो अस्पतालों को कड़ी फटकार
स्वच्छता अभियान में चंडीगढ़ की सराहना
प्रधानमंत्री ने स्वच्छ भारत मिशन में चंडीगढ़ के योगदान की भी प्रशंसा की। उन्होंने रिटायर्ड IPS अधिकारी इंद्रजीत सिंह के प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बेहतर स्वास्थ्य और बीमारी से बचाव का माध्यम भी है।











