ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेशराष्ट्रीय

Vande Bharat Express : देश में कल एक साथ चलने जा रही 5 वंदे भारत एक्सप्रेस, PM मोदी हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना

नई दिल्ली। देश में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों (Vande Bharat Express) की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल (27 जून को) मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचेंगे। यहां रानी कमलापति स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में 5 वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ये पहली बार है की देश में एक साथ 5 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत होने जा रही है।

इन 5 ट्रेनों के जुड़ने से देश में कुल ट्रेनों की संख्या बढ़कर 23 हो जाएगी। इनमें पहली बार वंदे भारत की सौगात बिहार को भी मिलने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना और रांची के बीच चलने वाली ट्रेन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उद्घाटन करेंगे। इन ट्रेनों को मेक इन इंडिया के तहत तैयार किया गया है।

जबलपुर-भोपाल का सफर 4 घंटे 40 मिनट में तय होगा

पीएम मोदी कल जबलपुर से भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन को जोड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रेलवे ने बताया कि जबलपुर-आरकेएमपी से जोड़ने वाली 20174/20173 यह ट्रेन करीब 330 किलोमीटर का सफर मात्र 4 घंटे 40 मिनट में पूरा करेगी। मंगलवार को छोड़कर सप्ताह के 6 दिन चलने वाली यह वंदे भारत एक्सप्रेस मार्ग में नर्मदापुरम, पिपरिया और नरसिंहपुर स्टेशनों पर ठहरेगी।

PM इन 5 वंदे भारत ट्रेनों को दिखाएंगे हरी झंडी

  1. रानी कमलापति-जबलपुर वंदे भारत
  2. खजुराहो-भोपाल-इंदौर-वंदे भारत
  3. मडगांव(गोवा)-मुंबई वंदे भारत
  4. धारवाड़-बेंगलुरू वंदे भारत
  5. हटिया-पटना वंदे भारत

MP में चलेंगी दो नई वंदे भारत

रानी कमलापति-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस महाकौशल क्षेत्र (जबलपुर) को मध्य क्षेत्र (भोपाल) से जोड़ेगी। इससे भेड़ाघाट, पचमढ़ी और सतपुड़ा जैसे पर्यटन स्थलों को भी लाभ होगा। वहीं खजुराहो-भोपाल-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस मालवा क्षेत्र (इंदौर) और बुंदेलखंड क्षेत्र (खजुराहो) से मध्य क्षेत्र (भोपाल) की कनेक्टिविटी में सुधार करेगी। इससे महाकालेश्वर, मांडू, महेश्वर, खजुराहो, पन्ना जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों को फायदा होगा।

गोवा को मिलेगी पहली वंदे भारत

मडगांव (गोवा)-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस गोवा की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस होगी। यह मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और गोवा के मडगांव स्टेशन के बीच चलेगी। दो स्थानों को जोड़ने वाली वर्तमान में संचालित तेज ट्रेनों की तुलना में यह ट्रेन यात्रा समय में लगभग एक घंटे की बचत करने में मदद करेगी।

धारवाड़ को बेंगलुरु से जोड़ेगी

धारवाड़-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस कर्नाटक के महत्वपूर्ण शहरों-धारवाड़, हुबली और दावणगेरे को राज्य की राजधानी बेंगलुरु से जोड़ेगी। इससे क्षेत्र के पर्यटकों, छात्रों और उद्योगों से जुड़े लोग लाभान्वित होंगे।

बिहार को भी मिलेगी पहली वंदे भारत

हटिया-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस झारखंड और बिहार के लिए पहली वंदे भारत होगी। दोनों राज्यों की राजधानी पटना और रांची के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने वाली यह ट्रेन पर्यटकों, छात्रों और व्यापारियों के लिए वरदान साबित होगी। इससे प्रदेश के पर्यटन, शिक्षा और अर्थव्यवस्था में विकास होगा।

संबंधित खबरें...

Back to top button