
पश्चिमी अफ्रीकी देश बुर्किना फासो के पूर्वी हिस्से में सेना पर इस्लामिक चरमपंथियों के हमले में 33 सैनिकों की मौत हो गई। जबकि, एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो हुए हैं। सेना के बयान के मुताबिक, यह हमला गुरुवार को औगारू के गौरमा प्रांत में हुआ। लड़ाई के दौरान सैनिकों ने बड़ी संख्या में आए दुश्मनों का डटकर सामना किया और 40 जिहादी मार गिराए। गौरतलब है कि अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट समूह से जुड़े लड़ाकों ने पिछले 7 साल से बुर्किना फासो में हिंसक विद्रोह छेड़ रखा है। इस हिंसा में हजारों लोग मारे जा चुके हैं और लगभग 20 लाख लोग विस्थापित हुए हैं।
संयुक्त राष्ट्र ने की ये मांग
जानकारी के मुताबिक इस महीने की शुरुआत में, बंदूकधारियों ने बुर्किना फासो के उत्तरी हिस्से में कम से कम 40 सुरक्षाबलों की हत्या कर दी थी। इस हमले में दर्जनों अन्य लोग घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों ने उत्तरी हिस्सों में सुरक्षाबलों पर नागरिकों की बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, संयुक्त राष्ट्र ने ‘नागरिकों की हत्या’ की गहन और स्वतंत्र जांच की मांग की है।