हरसूद में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, यदुवंशी स्वाभिमान वाहन रैली ने खींचा ध्यान
हरसूद। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हरसूद नगर सहित पूरे अंचल में धार्मिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर शहर के मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। मंदिरों में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और महाआरती के आयोजन हुए। इस दौरान नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की और जय बोलो बाबा नंद की जैसे जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया।
रिमझिम बारिश के बीच निकली यदुवंशी स्वाभिमान वाहन रैली
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर श्री यदुवंशम् सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में हरसूद में विशाल यदुवंशी (यादव) स्वाभिमान वाहन रैली निकाली गई। रिमझिम बारिश के बीच शुरू हुई इस रैली में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। रैली की शुरुआत संत बुखारदास मढ़ी से हुई। इसके बाद वाहन रैली महाराणा प्रताप चौक, श्रीराम चौक, बाजार क्षेत्र, स्वामी विवेकानंद चौक, भगवान परशुराम चौराहा, घोसी मोहल्ला चौक और भैरव चौक से होते हुए कृषि उपज मंडी परिसर पहुंची। रैली के दौरान नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर इसका स्वागत किया। कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक बंधुओं ने समाज में एकता और बच्चों की बेहतर शिक्षा पर जोर दिया। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण की महाआरती की गई और फलाहारी प्रसाद का वितरण हुआ। इसके साथ ही रैली का समापन किया गया।
ये भी पढ़ें: थप्पड़ का बदला लेने नाबालिग ने किया सुपरवाइजर का मर्डर, CCTV ने खोला राज
राधा-कृष्ण और रुक्मिणी की झांकी रही आकर्षण का केंद्र
वाहन रैली के दौरान भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी आकर्षक झांकियां भी प्रस्तुत की गईं। इनमें राधा-कृष्ण और रुक्मिणी की झांकी के साथ नंद बाबा द्वारा भगवान श्रीकृष्ण को सिर पर लेकर यमुना पार करने का दृश्य लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। रिमझिम बारिश के बीच डीजे की धुन पर कृष्ण भजनों का दौर चलता रहा। भजनों पर श्रद्धालु और समाज के लोग उत्साह के साथ झूमते नजर आए। बारिश के बावजूद रैली में लोगों का उत्साह बना रहा। रैली में जयप्रकाश यदुवंशी, यशवंत पटेल, रामस्वरूप यदुवंशी, अनिल यदुवंशी, विनोद यदुवंशी, ओम यदुवंशी, सुधीर यदुवंशी, विजय यदुवंशी, जाती (बाला) यदुवंशी, जसाजा यदुवंशी, संतोष यदुवंशी, सुनील यदुवंशी, संदीप यदुवंशी, सतीश यदुवंशी, राजेश यादव, सोनू यदुवंशी और विजय यादव सहित बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: अतिवृष्टि को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों में सावधानी की अपील
मंत्री विजय शाह ने भी रैली में की शिरकत
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित यदुवंशी स्वाभिमान वाहन रैली में जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

























