
महाराष्ट्र के पात्रा चॉल घोटाले में शिवसेना सांसद संजय राउत को ED ने छह घंटे से अधिक समय तक पूछताछ के बाद रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल के बाद आज उन्हें PMLA अदालत में पेश किया जाएगा। हालांकि, राउत ने दावा किया कि वह निर्दोष हैं और उन्हें फंसाया जा रहा है।
संजय राउत के घर पहुंचे उद्धव ठाकरे
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे संजय राउत के परिवार से मिलने के लिए उनके घर पहुंचे हैं।
शिंदे की सरकार निश्चित गिरेगी: आदित्य ठाकरे
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे ने सोमवार को कहा कि महाराष्ट्र कभी भी विश्वासघात बर्दाश्त नहीं करेगा और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार निश्चित रूप से गिर जाएगी। कोंकण क्षेत्र के अपने दौरे के दौरान शिवसेना कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शिंदे सरकार का ध्यान ‘गंदी राजनीति’ पर है, न कि लोगों के कल्याण पर।
आदित्य ठाकरे- डेढ़ महीने का है ये राजनीतिक ड्रामा
शिवसेना प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ने कहा कि यह पूरा राजनीतिक ड्रामा डेढ़ महीने का है। सरकार निश्चित रूप से गिर जाएगी। उन्होंने कहा कि, जो कुछ भी महाराष्ट्र में हो रहा है। यह लोकतंत्र के खिलाफ है, यह पॉलिटिकल सर्कस है।
उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘ये शिवसेना को खत्म करने, महाराष्ट्र की आवाज दबाने की यह साजिश है। ये सभी के सामने है और ये जगजाहिर है।
संजय राउत के भाई ने कहा- भाजपा डरती है
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में संजय राउत को रविवार देर रात 12 बजे गिरफ्तार किया था। बुधवार को साढ़े छह घंटे की पूछताछ के बाद ED की ओर से यह एक्शन लिया गया। राउत की गिरफ्तारी के बाद उनके भाई सुनील राउत ने कहा कि गलत तरीके से उन्हें गिरफ्तार किया गया है। भाजपा संजय राउत से डरती है, इसलिए गिरफ्तारी करवाई गई है।
ये भी पढ़ें- Patra Chawl Scam: संजय राउत के घर पहुंची ED की टीम, शिवसेना सांसद बोले- ‘मैं मर भी जाऊं तो…’
राउत के घर मिले 11.50 लाख रुपये पर भाई ने दी सफाई
ईडी द्वारा गिरफ्तार संजय राउत के घर 11.50 लाख रुपए मिले हैं। इसको लेकर संजय राउत के भाई का कहना है कि, ये राशि शिवसैनिकों के अयोध्या दौरे के लिए रखी गई थी। नोटों के बंडल पर एकनाथ शिंदे भी लिखा था।
रोज सुबह आठ बजे बजने वाला भोंपू तो अब अंदर गया: शिंदे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने संजय राउत पर निशाना साधते हुए कहा कि, रोज सुबह आठ बजे बजने वाला भोंपू तो अब अंदर गया। अब सुबह-सुबह भोंपू सुनने को नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि ईडी अपना काम कर रही है। अगर आप ईमानदार हैं तो आपको चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। शिंदे ने कहा कि जो जैसा करेगा, वैसा भरेगा।