राष्ट्रीय

महाराष्ट्र के राज्यपाल के बयान पर विवाद: उद्धव बोले- इन्हें जेल कब भेजोगे, राज ठाकरे भी भड़के; जानें कोश्यारी ने ऐसा क्या कहा…

महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी की मुंबई को लेकर की गई टिप्पणी पर अब विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। शिवसेना, मनसे, NCP और कांग्रेस के बाद अब बीजेपी ने भी उनके बयान से असमहति जताई है। दरअसल, मुंबई में एक कार्यक्रम में उन्होंने मुंबई के आर्थिक राजधानी होने का क्रेडिट यहां रहने वाले राजस्थानियों और गुजरातियों को दिया था। उनका यह बयान महाराष्ट्र की सत्ता में पक्ष और विपक्ष दोनों को ही नागवार गुजरा है।

कोश्यारी ने कही थी ये बात

दरअसल, राज्यपाल ने शुक्रवार को मुंबई के अंधेरी में एक कार्यक्रम में बोलते हुए मारवाड़ी गुजराती समुदाय की प्रशंसा की और कहा कि वे जहां भी जाते हैं, अस्पताल, स्कूल आदि बनाकर जगह के विकास में योगदान करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर महाराष्ट्र से गुजरातियों और राजस्थानियों को हटा दिया जाता है, तो महाराष्ट्र के पास कोई पैसा नहीं बचेगा और मुंबई को भारत की आर्थिक राजधानी नहीं कहा जाएगा।

बीजेपी विधायक बोले- हम कतई सहमत नहीं हैं…

बीजेपी विधायक आशीष शेलार ने भी उनके बयान से असमहति जताई है। बीजेपी विधायक ने ट्वीट किया, “माननीय राज्यपाल के बयान के साथ हम कतई सहमत नहीं हैं। महाराष्ट्र और मुंबई मराठी लोगों की मेहनत, पसीने और शहादत के साथ खड़े हैं। ऐसा हमारा गौरवशाली इतिहास पनो पानी कहता है। किसी को भी उसे किसी भी स्थिति से नाखुश करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए!”

संजय राउत ने मांगा राज्यपाल से इस्तीफा

राज्यसभा सांसद संजय राउत ने ट्वीट किया कि महाराष्ट्र में भाजपा समर्थित मुख्यमंत्री आते ही मराठियों और छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान शुरू हो गया। स्वाभिमान और अपमान के मुद्दे पर अलग हुआ गुट अगर इस पर चुप बैठता है तो शिवसेना का नाम न ले।

संजय राउत ने एक और ट्वीट कर कहा कि ”राज्यपाल का मतलब है कि महाराष्ट्र और मराठी लोग भिखारी हैं। मुख्यमंत्री शिंदे, क्या आप सुन रहे हैं? । अगर आपका स्वाभिमान है, तो राज्यपाल का इस्तीफा मांगें।”

राज्यपाल तुरंत माफी मांगें: प्रियंका चतुर्वेदी

वहीं शिवसेना नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि यह महाराष्ट्र और मराठी मानुष के लोगों की कड़ी मेहनत का अपमान है, जिन्होंने राज्य को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए दिन-रात मेहनत की है। राज्यपाल को तुरंत माफी मांगनी चाहिए, ऐसा नहीं करने पर हम उन्हें बदलने की मांग करेंगे।

उद्धव ने पूछा- उन्हें घर कब भेजा जाएगा?

पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने राज्यपाल के बयान को मराठी लोगों का अपमान बताया है। ठाकरे ने कहा कि राज्यपाल के बयान ने मराठी मानुषों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई। मुंबई और ठाणे में निगम चुनाव होने जा रहे हैं और कोश्यारी राज्यपाल की कुर्सी पर बैठे हैं। वो समुदायों को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। सवाल ये है कि उन्हें घर कब वापस भेजा जाएगा?

राज्यपाल कोश्यारी माफी मांगें: NCP

NCP विधायक ने कहा है कि महाराष्ट्र और मुंबई के लोग कुशल और सक्षम हैं। हम ईमानदार लोग हैं जो चटनी से रोटी खाते हैं और दूसरों को खिलाते हैं। विधायक मितकारी ने कहा है कि आपने मराठी लोगों का अपमान किया है, जल्द से जल्द महाराष्ट्र से माफी मांगें।

महाराष्ट्र कांग्रेस चीफ ने भी निंदा

महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा, “हम महाराष्ट्र के राज्यपाल द्वारा की गई टिप्पणी की निंदा करते हैं। उन्हें जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्हें तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटाया जाना चाहिए।”

बयान पर भड़के राज ठाकरे

उद्धव से पहले MNS प्रमुख राज ठाकरे भी राज्यपाल के बयान को लेकर कड़ा विरोध जता चुके हैं। उन्होंने कहा, “मराठी आदमी को मूर्ख मत बनाओ!” राज ठाकरे ने राज्यपाल को सलाह दी है कि अगर महाराष्ट्र के इतिहास के बारे में नहीं जानते हैं तो बात न करें।

ये भी पढ़ें- Adhir Ranjan Chowdhury: कांग्रेस सांसद अधीर रंजन ने राष्ट्रपति मुर्मू से मांगी माफी, चिट्ठी में लिखा- फिसल गई थी जुबान

विवाद के अब कोश्यारी ने सफाई दी

विवाद के बाद राज्यपाल कोश्यारी ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि मुंबई महाराष्ट्र की शान है। यह देश की आर्थिक राजधानी भी है। राजस्थानी समाज के कार्यक्रम में मैंने जो बयान दिया, उसमें मेरा मराठी आदमी को कम करके आंकने का कोई इरादा नहीं था। मैंने केवल गुजराती और राजस्थानी मंडलों द्वारा व्यापार में किए गए योगदान पर बात की। मराठी लोगों ने मेहनत कर महाराष्ट्र का निर्माण किया। इसीलिए आज कई मराठी उद्यमी प्रसिद्ध हैं। वे न केवल महाराष्ट्र में, बल्कि देश और दुनिया में मराठी का झंडा फहरा रहे हैं। इसलिए मराठी लोगों के योगदान को कम करके आंकने का सवाल ही नहीं उठता।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button