Parliament Monsoon Session Live: दूसरे दिन भी हंगामों का दौर, लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक स्थगित

संसद के दोनों सदनों में विपक्ष के जोरदार हंगामे से कार्यवाही बाधित हो गई। लोकसभा में कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने नारेबाजी की, जबकि लोकसभा में लगातार विरोध के चलते सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।
दूसरे दिन भी हंगामों का दौर, लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक स्थगित

Live Updates

02:00 PM 21/07/26

कल तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित

लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही कल यानी 22 जुलाई सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। 

12:45 PM 21/07/26

परिसर में राजीव रंजन सिंह- विनोद तावड़े के बीच बातचीत

संसद परिसर में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह और भाजपा सांसद विनोद तावड़े के बीच अनौपचारिक बातचीत देखने को मिली। मॉनसून सत्र के दौरान दोनों नेता संसद परिसर में आपस में चर्चा करते नजर आए। हालांकि, उनकी बातचीत किस मुद्दे पर हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Twitter Post

12:25 PM 21/07/26

राहुल गांधी PM पीएम मोदी पर हमला

संसद में जारी हंगामे के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह मामला देश के छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़ा है, इसलिए सरकार को जवाब देना चाहिए। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि कल हुई घटना के बावजूद प्रधानमंत्री ने अब तक माफी नहीं मांगी है। उन्होंने कहा, पीएम चुप क्यों हैं? उन्हें माफी मांगनी चाहिए। राहुल ने कहा कि विपक्ष छात्रों से जुड़े गंभीर मुद्दों पर सरकार से जवाबदेही चाहता है और संसद में इसी को लेकर आवाज उठा रहा है।
Twitter Post

12:15 PM 21/07/26

लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित

भारी हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही भी दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

12:05 PM 21/07/26

राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित

वहीं, राज्यसभा में भी विपक्ष ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। लगातार जारी हंगामे के चलते सभापति ने राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। दोनों सदनों में गतिरोध के कारण संसदीय कार्य प्रभावित रहे।

11:55 AM 21/07/26

दूसरे दिन भी हंगामे की भेंट चढ़ा प्रश्नकाल

संसद के मॉनसून सत्र के दूसरे दिन भी लोकसभा में प्रश्नकाल सुचारु रूप से नहीं चल सका। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल शुरू कराया, लेकिन कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सांसद अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करने लगे। लगातार बढ़ते शोर-शराबे के बीच अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्ष से प्रश्नकाल चलने देने की अपील करते हुए कहा कि प्रश्नकाल के बाद सभी मुद्दों पर संसदीय नियमों के तहत चर्चा का पूरा अवसर दिया जाएगा। इसके बावजूद हंगामा नहीं थमा, जिसके चलते अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

11:45 AM 21/07/26

संसद के दोनों सदनों में विपक्ष का जोरदार हंगामा

संसद के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के जोरदार हंगामे के कारण कार्यवाही बाधित रही। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी। 

संसद के मॉनसून सत्र के बीच मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NDA की 'मंगल मिलन' बैठक में कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी। बैठक में उन्होंने NEET पेपर लीक मामले, किसानों के हित, संसद के सुचारु संचालन और विपक्ष के रवैये पर स्पष्ट संदेश दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि NEET पेपर लीक मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस गंभीर मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए, क्योंकि छात्रों का भविष्य और हित सरकार की पहली प्राथमिकता है।

NEET पेपर लीक पर सख्त रुख

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच एजेंसियां पूरी गंभीरता से काम कर रही हैं और जो भी दोषी होगा, उसे कानून के अनुसार कड़ी सजा मिलेगी। उन्होंने विपक्ष से भी अपील की कि इस संवेदनशील मुद्दे पर राजनीतिक लाभ लेने के बजाय छात्रों के हित में सहयोग करें।

यह भी पढ़ें: NEET पेपर लीक पर PM का बड़ा ऐलान! दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा, छात्रों का भविष्य सुरक्षित

किसानों को दिया भरोसा

बैठक में प्रधानमंत्री ने किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसी भी अंतरराष्ट्रीय ट्रेड डील या व्यापार समझौते से किसानों के हितों को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार फैसले ले रही है।

संसद में आज भी हंगामे के आसार

मॉनसून सत्र के दूसरे दिन भी संसद के दोनों सदनों में हंगामे की संभावना बनी हुई है। विपक्ष NEET पेपर लीक, राम मंदिर चढ़ावा विवाद और अन्य राष्ट्रीय मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। सोमवार को भी लोकसभा और लोकसभा में विपक्ष के लगातार विरोध और नारेबाजी के कारण कार्यवाही कई बार स्थगित करनी पड़ी थी।

पहले दिन नहीं चल सकी सदन की कार्यवाही

मॉनसून सत्र के पहले दिन लोकसभा में स्पीकर ने विपक्षी सांसदों से कई बार अपनी सीटों पर बैठकर नियमों के तहत चर्चा करने की अपील की, लेकिन विपक्ष अपनी मांगों पर अड़ा रहा। इसके चलते सदन की कार्यवाही बार-बार बाधित हुई। लोकसभा में भी यही स्थिति देखने को मिली। विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने NEET पेपर लीक, छात्रों के साथ कथित सख्ती और अन्य मुद्दों को उठाया, जिसके बाद सदन में जोरदार हंगामा शुरू हो गया।

यह भी पढ़ें: CJP Protest : संसद मार्च के बाद भी नहीं थमा CJP का आंदोलन, जंतर-मंतर पर फिर जुटे प्रदर्शनकारी; धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ी

पीएम ने विपक्ष पर साधा निशाना

सत्र शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने उम्मीद जताई कि संसद में सकारात्मक और सार्थक चर्चा होगी। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ दलों की राजनीति केवल विरोध तक सीमित रह गई है, जबकि देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने सभी दलों से जनता के हित में संसद की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलाने में सहयोग देने की अपील की।

क्या है विपक्ष की मांग?

विपक्ष का कहना है कि NEET पेपर लीक, राम मंदिर चढ़ावा विवाद और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार को सदन में तत्काल जवाब देना चाहिए। विपक्ष इन मामलों पर विस्तृत चर्चा और जवाबदेही की मांग कर रहा है। वहीं, सरकार का कहना है कि वह हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन संसद की कार्यवाही नियमों और संसदीय परंपराओं के अनुसार ही चलेगी। मॉनसून सत्र के शुरुआती दिनों में ही सरकार और विपक्ष के बीच टकराव तेज हो गया है। ऐसे में आने वाले दिनों में संसद में तीखी बहस और राजनीतिक गर्मी बढ़ने की पूरी संभावना है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

Latest Posts