
नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण ने तेजी से पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। बीते 24 घंटों में कोरोना के 11 हजार 109 नए मामले सामने आए हैं, यह बीते 236 दिनों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले पिछले साल 20 अगस्त को 11 हजार 539 केस मिले थे। वहीं 29 लोग कोरोना से जंग हार गए। इसी के साथ अब देश में एक्टिव केस की संख्या 49,622 हो गई है।
देश में कोरोना पर एक नजर
नए केस : 11,109
एक्टिव केस : 49,622
कुल मामले : 4,47,97,269
कुल रिकवरी : 4,42,16,586
कुल मृत्यु : 5,31,064
कुल वैक्सीनेशन : 220.66 करोड़
कोरोना से 29 लोगों की मौत
देश में बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण से 29 मरीजों की मौत हो गई। दिल्ली-राजस्थान में तीन-तीन, छत्तीसगढ़-पंजाब में दो-दो, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, पुडुचेरी, तमिलनाडु, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में एक-एक कोरोना संक्रमित ने दम तोड़ा है। इस सूची में केरल की नौ पुरानी मौतों को भी जोड़ा है।
क्या है रिकवरी रेट ?
देश में इस वक्त एक्टिव केस 0.11% हैं, जबकि अब तक कुल संक्रमितों में से 98.70 फीसदी स्वस्थ हो चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, डेली पॉजिटिविटी रेट 5.01% और वीकली पॉजिटिविटी रेट 4.29% दर्ज की गई है। वहीं मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत दर्ज की गई।
तीन राज्यों ने मास्क किया अनिवार्य
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए तीन राज्यों ने मास्क अनिवार्य कर दिया है। हरियाणा सरकार के अनुसार, पब्लिक प्लेस पर मास्क लगाना अनिवार्य है। सरकार ने जिला और पंचायत प्रशासन को इसकी निगरानी करने का आदेश दिया है। वहीं केरल में बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया है।
इसके अलावा पुडुचेरी प्रशासन ने भी सख्ती शुरू कर दी है। पुडुचेरी प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है।
मई से रोजाना आ सकते हैं 20 हजार केस
IIT कानपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने कहा कि, देश में जो कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है वो सामान्य खांसी-जुकाम की तरह रहेगा। देश में कोरोना के केस बढ़ना नेचुरल इम्युनिटी कम होने के संकेत हैं। देश में आने वाले 2 महीनों में कोरोना के केस हर रोज 15 हजार से 20 हजार तक आ सकते हैं। हालांकि, कोरोना को अन्य सीजनल बीमारी की तरह नहीं देख सकते, क्योंकि पता नहीं कौन सा वैरिएंट कितना खतरनाक निकल आए।
ये भी पढ़ें- Corona Cases India : कोरोना के नए केस 10 हजार के पार, मौतों का आंकड़ा भी बढ़ा; एक्टिव केस 45 हजार पहुंचे