राष्ट्रीय

भारत में पहली बार मिला लिथियम: जम्मू-कश्मीर में 59 लाख टन का भंडार; मोबाइल-लैपटॉप की बैट्री बनाने के आता है काम

जम्मू-कश्मीर। देश में पहली बार लिथियम का भंडार मिला है। जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (GSI) ने पहली बार दिल्ली से 650 किमी उत्तर में जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के सलाल-हैमाना क्षेत्र में 5.9 मिलियन टन के लिथियम भंडार का पता लगाया है। लिथियम के साथ ही सोने के 5 ब्लॉक समेत बेस मेटल जैसे कई अन्य धातु भी मिले हैं।

इलेक्ट्रिक व्हीकल में होता है इसका इस्तेमाल

लिथियम एक ऐसा नॉन फेरस मेटल (अलौह धातु) है, जिसका इस्तेमाल इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV), मोबाइल-लैपटॉप समेत अन्य चार्जेबल बैटरी बनाने में किया जाता है। लिथियम को दूसरे देशों से आयात किया जाता है। यह एक रेअर अर्थ एलिमेंट है। भारत लिथियम के लिए अभी पूरी तरह दूसरे देशों पर निर्भर है। देश में भंडार मिलने के बाद अब इसका दूसरे देशों से आयात कम हो सकता है।

माइंस सेक्रेटरी विवेक भारद्वाज ने बताया कि, “देश में पहली बार जम्मू-कश्मीर के रियासी में लिथियम के भंडार की खोज की गई है। चाहे मोबाइल फोन हो या सोलर पैनल, महत्वपूर्ण खनिजों की हर जगह आवश्यकता होती है। आत्मनिर्भर बनने के लिए देश के लिए महत्वपूर्ण खनिजों का पता लगाना और उन्हें संसाधित करना बहुत महत्वपूर्ण है।”

11 राज्यों में मिले खनिज संसाधन

62वीं केंद्रीय भूवैज्ञानिक प्रोग्रामिंग बोर्ड (CGPB) की बैठक के दौरान लिथियम और गोल्ड समेत 51 खनिज ब्लॉकों पर एक रिपोर्ट राज्य सरकारों को सौंपी गई।

खनन मंत्रालय ने कहा, “इन 51 खनिज ब्लॉकों में से 5 ब्लॉक सोने से संबंधित हैं। इसके अलावा पोटाश, मोलिब्डेनम, बेस मेटल से जुड़े हुए हैं। ये मेटल्स 11 राज्यों के अलग-अलग जिलों में मिले हैं। इन राज्यों में जम्मू-कश्मीर (यूटी), आंध्र प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, गुजरात, राजस्थान, तमिलनाडु और तेलंगाना शामिल हैं। जीएसआई ने फील्ड सीजन 2018-19 से अब तक के कामों के आधार पर ये ब्लॉक तैयार किए थे।

1851 में हुई थी GSI स्थापना

भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) की स्थापना 1851 में रेलवे के लिए कोयले के भंडार का पता लगाने के लिए की गई थी। इन सालों में, GSI अंतर्राष्ट्रीय ख्याति के भू-वैज्ञानिक संगठन का दर्जा भी प्राप्त किया है।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button