
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यमन सिंधिया को ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन (GDCA) में उपाध्यक्ष का पद दिया गया है। नई कार्यकारिणी को दिल्ली से हरी झंडी मिल गई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि जल्द ही वे राजनीति में भी कदम रखने वाले हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आज केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सपरिवार सौजन्य भेंट की। @PMOIndia @JM_Scindia #PeoplesUpdate pic.twitter.com/DEP4E2lSGW
— Peoples Samachar (@psamachar1) March 30, 2022
30 मार्च को पीएम मोदी की थी मुलाकात
महाआर्यमन जल्द ही राजनीति में एंट्री कर सकते हैं। ऐसे संकेत चार दिन पहले मिल चुके हैं। जब 30 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद केंद्रीय मंत्री सिंधिया के घर पहुंचे। महाआर्यमन को पीएम मोदी ने अपने करीब खड़ा किया, जबकि ज्योतिरादित्य फिर भी दूर खड़े नजर आए।
प्रशांत मेहता को कार्यकारी अध्यक्ष, महाआर्यमन उपाध्यक्ष बनाया
जानकारी के मुताबिक, GDCA की वार्षिक आम सभा 27 मार्च को हुई थी। जिसमें नई कार्यकारिणी को लेकर चर्चा हुई थी। रविवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की गई। इसके अनुसार प्रशांत मेहता को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। महाआर्यमन सिंधिया को उपाध्यक्ष बनाया गया है। अभी तक वे एसोसिएशन के सदस्य थे। उनके साथ जीवाजी यूनिवर्सिटी में शारीरिक शिक्षा विभाग के डायरेक्टर रहे डॉ. राजेंद्र सिंह को भी उपाध्यक्ष बनाया है। इनके अलावा उपाध्यक्ष रहे संजय आहूजा को सचिव पद की जिम्मेदारी दी गई है। वीरेंद्र बापना को कोषाध्यक्ष पद पर यथावत रखा गया है।
पिता और दादा ने भी क्रिकेट पिच की थी शुरुआत
राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि 27 साल के महाआर्यमन सिंधिया जल्द ही राजनीति में कदम रखने वाले हैं। इसके पीछे 2 वजहों को बताया जा रहा है। पहली ये कि माधवराव सिंधिया, फिर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने क्रिकेट एसोसिएशन के जरिए ही राजनीति में कदम रखा था। दूसरी 4 दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद केंद्रीय मंत्री सिंधिया के घर पहुंचे। महाआर्यमन को पीएम ने अपने करीब खड़ा किया था।
मीटिंग में कई विषयों पर की चर्चा
बता दें कि GDCA की वार्षिक आम सभा 27 मार्च को हुई थी। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया चंबल डिविजनल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष चुने गए थे। इसके बाद एसोसिएशन अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया और वरिष्ठ पदाधिकारियों के बीच नई कार्यकारिणी को लेकर चर्चा हुई थी।