जबलपुरमध्य प्रदेश

जबलपुर : बागेश्वर धाम वाले धीरेंद्र शास्त्री के दरबार में डेढ़ साल की बच्ची की मौत, दम घुटने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

जबलपुर। जिले के पनागर में बागेश्वर धाम वाले पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दरबार लगा हुआ है। यहां पंडाल में दम घुटने से एक डेढ़ साल की बच्ची की मौत की खबर सामने आई है। बच्ची का नाम देवांशी पटेल बताया जा रहा है। भीड़ ज्यादा होने के चलते अत्याधिक गर्मी और दम घुटने के कारण बच्ची की मौत हुई है। पनागर थाने की पुलिस जांच में जुटी हुई है।

कैसे हुई बच्ची की मौत?

दरअसल, पनागर में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भागवत कथा चल रही है। जिसमें भारी संख्या में लोग पहुंच रहे है। वहीं कटनी जिले अपने परिजनों के साथ डेढ़ साल की देवांशी पटेल भी आई थी। सभा में अचानक बच्ची की तबीयत खराब हो गई है, जिसे आनन-फानन में तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया।

पुलिस को नहीं मिली शिकायत

डॉक्टरों के मुताबिक, बच्ची की मौत पहले ही हो चुकी थी। बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पनागर थाने की पुलिस जांच में जुट गई है। इस पूरे मामले पर अभी तक पुलिस के पास कोई लिखित शिकायत नहीं पहुंची है।

पहले भी हो चुकी ऐसी घटना

हाल ही में बागेश्वर बाबा के दरबार में एक महिला की मौत हो गई थी। महिला फिरोजाबाद की रहने वाली थी। वह अपने पति के साथ बागेश्वर धाम में आई थी। इस दौरान वह करीब एक महीने तक रही। ऐसा बताया गया था कि महिला को किडनी में कोई समस्या थी। महिला के पति के अनुसार, अर्जी लगने से पहले ही उसकी पत्नी की मौत हो गई थी।

ये भी पढ़ें: बागेश्वर धाम में महिला की मौत : UP के फिरोजाबाद से अर्जी लगाने पहुंची थी; नाम आने से पहले तोड़ा दम

फिर सुर्खियों में आए बागेश्वर धाम

बता दें कि मध्य प्रदेश के छतरपुर में जन्में और बागेश्वर धाम सरकार के नाम से मशहूर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पिछले कई दिनों से चर्चाओं में चल रहे हैं। कई लोग उनपर आरोप लगा रहे हैं, तो कई लोग उनका खुलकर समर्थन भी कर रहे हैं। धीरेंद्र शास्त्री आए दिन ऐसे बयान देते हैं जिनसे वह लोगों के बीच चर्चाओं में हैं। अब एक बार फिर धीरेंद्र शास्त्री सुर्खियों में आए है।

मध्य प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button