
भोपाल। मध्य प्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। भारत जोड़ो यात्रा 20 नवंबर को मध्य प्रदेश की सीमा में बुरहानपुर से प्रवेश करेगी। यात्रा के दौरान राहुल गांधी उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन भी करेंगे। इस दौरान भारत यात्रियों के लिए मूलभूत सुविधाएं और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग कांग्रेस ने प्रदेश सरकार से की है।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के मध्य प्रदेश में आगमन को लेकर शनिवार को सीएम शिवराज सिंह चौहान से पीसीसी चीफ कमलनाथ और नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने मुलाकात की। सीएम शिवराज ने MP में राहुल गांधी की यात्रा को पूरी सुरक्षा देने का आश्वासन दिया है।
एमपी में मूलभूत व्यवस्थाएं मिलेंगी : सीएम
मुख्यमंत्री से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष ने यात्रा में हजारों यात्रियों और आमजन के सम्मिलित होने की संभावना को देखते हुए यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, स्वच्छ पेयजल, यात्रियों के विश्राम स्थल पर विद्युत, चलित शौचालय और साफ-सफाई, सर्वसुविधायुक्त एंबुलेंस सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश देने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया है कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए सभी कदम उठाए जाएंगे। साथ ही अन्य व्यवस्थाओं के लिए भी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
सीएम ने सीनियर अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी : गोविंद सिंह
मुलाकात के बाद गोविंद सिंह ने कहा कि सीएम शिवराज पर विश्वास है। एमपी की यात्रा में प्रशासनिक स्तर पर दिक्कत नहीं आएगी। हमें उम्मीद है कि दिग्विजय सिंह ने अपने शासनकाल में बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में तमाम व्यवस्था करवाई थी, वैसे ही राहुल गांधी की यात्रा में बीजेपी सभी व्यवस्थाएं करवाएगी। सीएम शिवराज ने प्रशासनिक व्यवस्था के लिए एक सीनियर आईएएस को जिम्मेदारी सौंपी है। साथ ही वरिष्ठ अधिकारी नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह से व्यवस्था के संबंध में को-आर्डिनेट करेंगे।
13 दिन एमपी में रहेंगे राहुल गांधी
राहुल गांधी 13 दिनों तक मध्य प्रदेश में रहेंगे। राहुल गांधी सनावद में महात्माओं के साथ मां नर्मदा में स्नान और पूजा अर्चना भी करेंगे। यात्रा के समन्वयक पीसी शर्मा ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा बुरहानपुर से एमपी में प्रवेश कर आगर-मालवा तक जाएगी। 3 दिसंबर को आगर जिले से राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान में प्रवेश करेगी।
करीब 386 किलोमीटर की होगी यात्रा
जानकारी के मुताबिक, मध्यप्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा करीब 386 किलोमीटर की होगी। इस दौरान राहुल गांधी 5 से 6 लोकसभा सीटें कवर करेंगे और 30 से ज्यादा विधानसभाओं में पहुंचेंगे। उज्जैन में एक सभा को भी संबोधित करेंगे। इसके लिए कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। फिलहाल, यह यात्रा तेलंगाना में है और इसके बाद महाराष्ट्र पहुंचेगी।
कांग्रेस का चुनावी शंखनाद
यात्रा के दौरान राहुल गांधी डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मभूमि महू भी जाएंगे। राहुल गांधी इंदौर के राजवाड़ा में लोगों से संवाद भी करेंगे। दरअसल, मध्यप्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को मध्यप्रदेश कांग्रेस का चुनावी शंखनाद भी माना जा रहा है, जिसके जरिए पार्टी अपनी ताकत दिखाना चाहती है। यही वजह है कि काफी विचार विमर्श के बाद राहुल गांधी की यात्रा का रूट तैयार किया गया है।
ये भी पढ़ें: MP में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा, 20 नवंबर को बुरहानपुर से करेगी एंट्री; जानें पूरा कार्यक्रम