राष्ट्रीय

पंजाब विधानसभा चुनाव: AAP ने जारी की 10 उम्मीदवारों की पहली सूची, सभी विधायकों को दोबारा दिया मौका

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने अगले साल मार्च 2022 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। AAP ने अपने 10 विधायकों को दोबारा मैदान में उतारने का फैसला किया है। AAP की पहली लिस्ट में कोई नया चेहरा नहीं है। पिछली बार पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतने वाले बाकी 10 विधायक पार्टी से अलग हो चुके हैं। आम आदमी पार्टी के लिए राज्य में पिछले पांच साल मुश्किल भरे रहे हैं। AAP ने 2017 के विधानसभा चुनाव में पहली बार किस्मत आजमाई थी और उसने अच्छा प्रदर्शन करते हुए राज्य की 20 सीटों पर जीत दर्ज कर मुख्य विपक्षी दल का दर्जा हासिल किया था।

इनको सूची में किया शामिल

जारी की गई सूची के मुताबिक पार्टी ने गढ़शंकर से विधायक जयकिशन रोड़ी, जगरांव से विधायक सरबजीत कौर मानुके, निहाल सिंह वाला से विधायक मनजीत सिंह बिलासपुर, कोटकपूरा से विधायक कुलतार सिंह संधवां, तलवंडी साबो से विधायक बलजिंदर कौर, बुढलाडा से विधायक प्रिंसिपल बुधराम, दिबड़ा से विधायक हरपाल सिंह चीमा, सुनाम से विधायक अमन अरोड़ा, बरनाला से विधायक गुरमीत सिंह मीत हेयर और महिल कलां से विधायक कुलवंत पंडोरी शामिल हैं।

विधायक रूबी भी छोड़ चुकी AAP का साथ

हाल ही में बठिंडा ग्रामीण से आप की विधायक रुपिंदर कौर रूबी पार्टी छोड़ चुकी हैं। उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन कर ली है। रूबी ने पार्टी के बारे में कहा था कि पंजाब में पार्टी अगर नया नेता लाती है तो कई और विधायक भी आप से इस्तीफा देंगे। उन्होंने कहा कि अगर सीएम अरविंद केजरीवाल भगवंत मान को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं करेंगे तो पार्टी की पंजाब में हार निश्चित है।

ये भी पढ़े: पंजाब में AAP को झटका: विधायक रूबी ने आधी रात को छोड़ी पार्टी

राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button