राष्ट्रीय

New Year 2022: पहले 12 महीनों का नहीं होता था साल, जानें 1 जनवरी को ही क्यों मनाया जाता है न्यू ईयर?

साल 2022 का आगाज हो चुका है। नए साल के स्वागत के लिए हर कोई बेसब्री से इंतजार कर रहा था। लेकिन क्या आपने कभी ऐसा सोचा है कि नया साल जनवरी से ही क्यों शुरू होता है या फिर 1 जनवरी को ही आखिर क्यों नए साल का जश्न मनाया जाता है? तो चलिए आज हम आपको बताते हैं-

ग्रिगोरियन कैलेंडर का नया साल 1 जनवरी को होता है। हालांकि इसके अलावा भी बहुत सारे कैलेंडर चलन में हैं, लेकिन पूरी दुनिया में ग्रिगोरियन कैलेंडर के मुताबिक ही नए साल को मनाया जाता है।

1 जनवरी को नया साल मनाने की शुरुआत कब हुई?

सदियों पहले नया साल 1 जनवरी को नहीं होता था। अलग अलग देशों में अलग अलग दिन पर नया साल मनाया जाता था। कभी 25 मार्च को नया साल का जश्न मनाते थे तो कभी 25 दिसंबर को नया साल होता था। रोम के राजा नूमा पोंपिलस ने रोमन कैलेंडर में बदलाव किया। इस कैलेंडर के आने के बाद से जनवरी के पहले दिन नया साल मनाया जाने लगा।

जनवरी नाम कैसे पड़ा

साल के जनवरी महीने को पहले जानूस कहा जाता था। रोम के देवता का नाम जानूस था, जिनके नाम पर महीने का नाम पड़ा। बाद में जानूस को जनवरी कहा जाने लगा।

इतने महीनों का होता था साल

सदियों पहले इजाद कैलेंडर में सिर्फ 10 महीने ही होते थे। ऐसे में एक साल में 310 दिन होता था और 8 दिन का एक सप्ताह माना जाता था। बाद में साल में 12 महीने होने लगे। जिसमें जानूस के अलावा मार्स नाम का एक महीना था। मार्स युद्ध के देवता का नाम है। बाद में मार्स को मार्च कहा जाने लगा।

साल में क्यों होते हैं 365 दिन?

रोम के शासक जूलियस सीजर ने रोमन कैलेंडर में बदलाव किए, जिसके बाद 12 महीनों का साल हुआ, जिसमें 365 दिन निर्धारित किए गए। सीजर ने खगोलविदों से जाना कि पृथ्वी 365 दिन और छह घंटे में सूर्य की परिक्रमा करती है। इसलिए सीजर ने साल के दिनों को बढ़ा दिया।

जूलियन कैलेंडर

पोप ग्रेगरी ने साल 1582 में जूलियन कैलेंडर में लीप ईयर को लेकर गलती खोजी थी। उस समय के मशहूर धर्म गुरू सेंट बीड ने बताया कि एक साल में 365 दिन, 5 घंटे और 46 सेकंड होते हैं। इसके बाद रोमन कैलेंडर में बदलाव किया गया और नया कैलेंडर बनाया गया।

ये भी पढ़ें- 2022 में लगेंगे कितने ग्रहण, जानें कब लगेगा साल का पहला सूर्य और चंद्र ग्रहण

क्यों आया ग्रिगोरियन कैलेंडर

क्रिसमस का एक दिन निश्चित करने के लिए 15 अक्टूबर 1582 को अमेरिका के एलॉयसिस लिलिअस ने ग्रिगोरियन कैलेंडर शुरू किया। ग्रिगोरियन कैलेंडर के हिसाब से जनवरी साल का पहला महीना है, और साल का अंत दिसंबर में क्रिसमस के गुजरने के बाद होता है। ग्रिगोरियन कैलेंडर की शुरुआत 1582 में हुई थी। इस कैलेंडर से पहले रूस का जूलियन कैलेंडर प्रचलन में था।

(नोट- ऊपर दी गई जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है। हम इसकी पुष्टि नहीं करते हैं।)

संबंधित खबरें...

Back to top button