इंदौरताजा खबरमध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश : बड़वानी में बारातियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलटी, 36 लोग घायल

हेमंत नागले, बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी में बारातियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 36 लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें चार गंभीर घायलों को जिला अस्पताल बड़वानी रेफर किया गया है। सभी ग्राम गेंद्री में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। उसी दौरान पानसेमल थाना क्षेत्र के अंतर्गत जलगोन रोड पर हादसा हो गया।

शादी समारोह से लौटने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, पानसेमल तहसील के ग्राम गेंद्री में आयोजित हुए एक विवाह समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे बारातियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्राली में सवार 36 लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। वहीं हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मचने के साथ ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत पानसेमल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से 4 गंभीर घायलों को बड़वानी के जिला चिकित्सालय में रेफर किया गया।

हादसे के कारणों की जांच जारी

वहीं इसकी सूचना मिलने पर पानसेमल एसडीओपी रोहित अलावा के साथ ही नायब तहसीलदार सुनील सिसौदिया और पानसेमल थाना प्रभारी लखनसिंह बघेल सहित प्रशासन का अमला भी पहुंचा और घायलों के हाल-चाल जान घटना के संबंध में जानकारी ली। दुर्घटना के कारणों की फिलहाल जांच जारी है। वहीं पानसेमल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉ. अरविंद किराड़े ने बताया कि, घायलों में पुरुषों के साथ ही महिला एवं बच्चे भी शामिल हैं।

मध्य प्रदेश की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button