राष्ट्रीय

नेफ्यू रियो ने पांचवीं बार नगालैंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, सबसे ज्यादा समय तक सीएम रहने वाले नेता बने

कोहिमा। नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (NDPP) नेता नेफ्यू रियो (Neiphiu rio) ने पांचवी बार नागालैंड के सीएम के रूप में शपथ ली। राज्यपाल ला गणेशन ने 72 वर्षीय रियो को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। एनडीपीपी के टी आर जेलियांग और BJP के वाई पैटन को डिप्टी सीएम के रूप में शपथ दिलाई गई। इस दौरान अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली।

पहली बार चुनी गई महिलाएं भी कैबिनेट में

मंत्रियों के रूप में शपथ लेने वालों में नागालैंड भाजपा प्रमुख तेमजेन इम्ना अलॉन्ग और पहली बार नगालैंड विधानसभा के लिए चुनी गई दो महिलाएं हेकानी जाखलू और सलहौतुओनुओ क्रूस भी शामिल हैं। इससे पहले नागालैंड की विधानसभा में एक भी महिला नहीं थीं।

NDPP से 7 और भाजपा से 5 मंत्री

रियो के शपथग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपाके राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा और असम के सीएम एवं पूर्वोत्तर लोकतांत्रिक गठबंधन (NEDA) के संयोजक हिमंत बिस्व सरमा भी मौजूद थे। रियो के मंत्रिमंडल में एनडीपीपी से 7 और भाजपा से 5 मंत्री हैं।

NDPP- BJP गठबंधन ने जीती हैं 37 सीटें

एनडीपीपी-भाजपा गठबंधन ने हाल में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में राज्य विधानसभा की 60 सीट में से 37 सीट पर जीत हासिल की है। नेफ्यू रियो पहली बार 2003 में राज्य के मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद वह 2008 और 2013 में मुख्यमंत्री बने, लेकिन 2014 में इस्तीफा दे दिया और लोकसभा चुनाव जीते। इसके बाद, 2018 में फिर से मुख्यमंत्री बने। वहीं, पांचवां कार्यकाल मिलने के साथ रियो नगालैंड में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद पर रहने वाले नेता हो गए हैं। उन्होंने एस सी जमीर का रिकार्ड तोड़ दिया, जो 1980, 1982-86, 1989-90, और 1993-2003 तक मुख्यमंत्री रहे थे।

यह भी पढ़ें मेघालय : संगमा ने दूसरी बार ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, पीएम मोदी, अमित शाह समेत तमाम बड़े नेता रहे मौजूद

संबंधित खबरें...

Back to top button