NEET-UG 2026 क्यों रद्द हुई?NTA DG ने पहली बार बताया पूरा मामला, अब आगे क्या होगा... समझिए पूरा मामला

देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई को आयोजित परीक्षा को रद्द कर दिया है। पेपर लीक के आरोपों के बाद अब दोबारा परीक्षा कराई जाएगी। NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने इस पूरे मामले पर पहली बार विस्तार से जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि यह फैसला छात्रों और अभिभावकों के लिए बेहद कठिन है, लेकिन परीक्षा की निष्पक्षता से समझौता नहीं किया जा सकता।
NTA को कैसे मिला पेपर लीक का इनपुट?
अभिषेक सिंह के मुताबिक, 7 मई की देर रात कुछ WhatsApp मैसेज एजेंसी के पास पहुंचे थे। इन मैसेज में ऐसे सवाल शेयर किए गए थे, जो NEET परीक्षा के प्रश्नपत्र से मिलते-जुलते पाए गए। इसके बाद इन मैसेज को तुरंत जांच एजेंसियों को भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि परीक्षा वाले दिन किसी गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिली थी और परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई थी। लेकिन आरोप गंभीर थे, इसलिए जांच शुरू की गई।
जांच में क्या सामने आया?
NTA प्रमुख के अनुसार, 8 और 9 मई को जांच एजेंसियों ने WhatsApp मैसेज की जांच की। 10 और 11 मई को कुछ आरोप सही पाए गए। इसके बाद परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया। उन्होंने कहा कि अगर परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पर थोड़ा भी संदेह हो, तो परीक्षा रद्द करना जरूरी हो जाता है।
क्या यह देशभर में फैला नेटवर्क था?
अभिषेक सिंह ने कहा कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि पेपर लीक कितने बड़े स्तर पर हुआ और कितने लोगों तक प्रश्नपत्र पहुंचा। उन्होंने बताया कि अब इस मामले की जांच CBI कर रही है। वही तय करेगी कि मामला किसी एक राज्य तक सीमित था या कई राज्यों में फैला हुआ था।
ये भी पढ़ें: NEET UG 2026 Cancelled : पेपर लीक का सबसे बड़ा खुलासा! कैसे फैला देशभर में कथित नेटवर्क? समझिए पूरा मामला
नासिक प्रिंटिंग प्रेस पर क्या बोले NTA प्रमुख?
जब उनसे नासिक की एक प्रिंटिंग प्रेस का नाम सामने आने को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना ठीक नहीं होगा। उन्होंने कहा कि CBI सभी रिकॉर्ड, सबूत और आरोपों की जांच करेगी और दोषियों की पहचान करेगी।
Telegram चैनलों पर भी हुई कार्रवाई
NTA प्रमुख ने बताया कि एजेंसी परीक्षा से पहले भी सतर्क थी। कई शिकायतों की जांच की गई थी और 120 Telegram चैनलों को ब्लॉक किया गया था। छात्रों से अपील की गई थी कि यदि उन्हें किसी गड़बड़ी की जानकारी मिले, तो तुरंत रिपोर्ट करें।
क्या दोबारा रजिस्ट्रेशन करना होगा?
NTA ने साफ कर दिया है कि छात्रों को दोबारा रजिस्ट्रेशन करने की जरूरत नहीं होगी।
- री-एग्जाम को लेकर अहम बातें
- पुराना रजिस्ट्रेशन ही मान्य रहेगा
- पहले चुना गया परीक्षा केंद्र भी मान्य रहेगा
- दोबारा फीस नहीं देनी होगी
- पहले ली गई फीस छात्रों को वापस की जाएगी
अभिषेक सिंह ने कहा कि इससे एजेंसी पर आर्थिक बोझ जरूर पड़ेगा, लेकिन प्राथमिकता निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा कराना है।
ये भी पढ़ें: NEET Exam : CBI करेगी जांच, दोबारा परीक्षा के लिए नहीं लगेगी कोई एक्स्ट्रा फीस
री-एग्जाम कब होगा?
NTA प्रमुख ने बताया कि जल्द ही दोबारा परीक्षा की तारीख घोषित की जाएगी। नए एडमिट कार्ड और परीक्षा से जुड़ी बाकी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट और चैनलों के जरिए साझा की जाएगी। उन्होंने छात्रों और अभिभावकों से कहा कि वे सिर्फ आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और सोशल मीडिया की अफवाहों से बचें।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
अभिषेक सिंह ने कहा कि जो लोग छात्रों के भविष्य और परीक्षा प्रक्रिया के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा, जेल भेजा जाएगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।











