भोपालमध्य प्रदेश

MP में आज से खेलो इंडिया यूथ गेम्स की शुरुआत, टीटी नगर स्टेडियम में होगी ओपनिंग सेरेमनी; ‘हिंदुस्तान का दिल धड़का दो’ थीम रखी गई

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज से खेलो इंडिया यूथ गेम्स की शुरुआत होने जा रही है। टीटी नगर स्टेडियम में शाम 7 बजे ओपनिंग सेरेमनी होगी। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया की उपस्थिति में खेल महाकुंभ का रंगारंग शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार सुबह खेलो इंडिया यूथ गेम्स के शुभारंभ कार्यक्रम के लिए पधारे शान, शिवामणि और नीती मोहन के साथ भोपाल के स्मार्ट पार्क में पौधारोपण किया।

‘हिंदुस्तान का दिल धड़का दो’ थीम

सीएम शिवराज ने कहा कि आज से मध्य प्रदेश में खेलों का कुम्भ प्रारंभ हो रहा है। उद्घाटन समारोह को यादगार और ऐतिहासिक बनाने के लिए शान, शिवामणि और नीती मोहन हमारे साथ हैं। उन्होंने अपनी कला से दुनियाभर में भारत का नाम रोशन किया है, मैं मध्य प्रदेश में हृदय से स्वागत करता हूं।आज उन्होंने यहां पौधारोपण कर पर्यावरण को बचाने का दुनिया संदेश दिया है। खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया पूरी शिद्दत से तैयारी में लगी हुई हैं। 13 दिन, 9 शहर, 27 प्रतियोगिताएं, 6 हजार से ज्यादा खिलाड़ी आज मध्य प्रदेश की राजधानी में होंगे। ‘हिंदुस्तान का दिल धड़का दो’ इस मंत्र के साथ आनंद, उत्साह और उत्सव का वातावरण न केवल खिलाड़ियों में बल्कि पूरे प्रदेश में होगा।

उद्घाटन समारोह को लेकर भव्य तैयारी

मध्य प्रदेश में खेलो इंडिया यूथ गेम्स के उद्घाटन समारोह को लेकर भव्य तैयारी की गई है। टीटी नगर स्टेडियम के मुख्य ग्राउंड पर लगभग 100 मीटर लंबा स्टेज बनाया गया है। जिसमें मध्य प्रदेश की संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों को दर्शाया गया है। इसमें नर्मदा घाट, खजुराहो मंदिर, भीम-बेटका, महाकाल महालोक, साँची स्तूप, ओरछा के मंदिर, भेड़ाघाट और ग्वालियर फोर्ट बनाया गया है।

किस शहर में कौनसे खेल आयोजित होंगे

भोपाल

  • भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में एथलेटिक्स के 26 खिलाड़ी मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए 3-5 फरवरी तक पदकों के लिए मुकाबला करेंगे।
  • डीएसवाई डब्ल्यू हॉल में 7-11 फरवरी तक कुश्ती के मुकाबले होंगे। जिसमें 21 खिलाड़ी भाग लेंगे।
  • बॉक्सिंग के मुकाबले 5 दिनों तक भोपाल में 31 जनवरी से 4 फरवरी तक होंगे। इसमें 20 महिला और पुरुष खिलाड़ी पदकों के लिए रिंग पर उतरेंगे।
  • शूटिंग अकैडमी में 1-6 फरवरी 6 दिनों तक चलने वाले मुकाबलों में मध्य प्रदेश के 7 खिलाड़ी निशाना साधेंगे।
  • वॉटर स्पोर्ट्स के दो खेलो के मुकाबले भोपाल के बड़े तालाब स्थित वॉटर स्पोर्ट्स अकैडमी में खेले जाएंगे। 1 से 3 फरवरी तक कयाकिंग-कनोइंग के मुकाबले और 7-9 फरवरी तक रोइंग के मुकाबले होंगे। मध्यप्रदेश के 20 खिलाड़ी कयाकिंग-कनोइंग और 20 रोइंग में भाग लेंगे।
  • भोपाल के साई इनडोर हॉल में 30 जनवरी से 3 फरवरी तक वॉलीबॉल के मैच खेले जाएंगे। इसमें महिला 12 और पुरुष 12 कुल 28 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
  • जूडो के मुकाबले भी साई इनडोर हॉल में खेले जाएंगे। 7-10 फरवरी 4 दिनों तक 16 खिलाड़ी मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए पदकों के लिए मुकाबला करेंगे। भोपाल के प्रकाश तरण पुष्कर में 7-11 फरवरी तक 14 खिलाड़ी मुकाबला करेंगे।

इंदौर

  • खेलो इंडिया के उद्घाटन समारोह के दूसरे दिन 31 जनवरी को इंदौर में बास्केटबॉल के मुकाबले खेले जाएंगे। 4 फरवरी तक इंदौर के बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स में महिला और पुरुष टीम के 24 खिलाड़ी अपना बेहतर प्रदर्शन कर टीम इवेंट के लिए कड़ा मुकाबला करेंगे।
  • बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स में 6-10 फरवरी, 5 दिनों तक वेटलिफ्टिंग के मुकाबले होंगे। खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मध्य प्रदेश से 15 खिलाड़ी भाग ले रहे है।
  • इंदौर के अभय प्रशाल में 30 जनवरी से टेबल टेनिस के मुकाबले शुरू होंगे। 3 फरवरी तक चलने वाले मुकाबलों में मध्य प्रदेश के 7 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
  • इंदौरवासी 5- 9 फरवरी तक कबड्डी के शानदार मुकाबले अभय प्रशाल में देख सकेंगे।
    इंदौर के एमरॉल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में 1 से 10 फरवरी तक युवा फुटबॉलर्स (पुरुष) को शानदार प्रदर्शन करते हुए देख सकेंगे।
  • खेलो इंडिया यूथ गेम्स के टेनिस के मुकाबले 5 दिनों तक इंदौर टेनिस क्लब में खेले जाएंगे। मध्य प्रदेश के 8 खिलाड़ी 6 से 10 फरवरी तक अपने बेहतरीन खेल से इंदौर वासियों के दिल जीतेंगे।

ग्वालियर

  • मध्य प्रदेश की मेजबानी में होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 में ग्वालियर में 4 अलग-अलग खेल बैंडमिंटन, हॉकी, जिम्नास्टिक और कलरिपावट्टू के मुकाबले होंगे।
  • मध्य प्रदेश बैंडमिंटन अकादमी में 31 जनवरी से 3 फरवरी तक मध्य प्रदेश के 6 चयनित शटलर्स पदकों के लिए कड़ा मुकाबला करेंगे।
  • ग्वालियर की हॉकी अकादमी में 7 दिन, 4 से 10 फरवरी तक हॉकी के मुकाबले खेले जाएंगे। मध्य प्रदेश के कुल 36 हॉकी प्लेयर (पुरुष एवं महिला) टीम का हिस्सा होंगे।
  • एलएनआईपीई में जिम्नास्टिक के मुकाबले 1 से 5 फरवरी तक होंगे। इसमें 17 खिलाड़ी शानदार करतब का प्रदर्शन करेंगे।
  • ग्वालियर वासी 3 दिन, 8 से 10 फरवरी तक केरल के पारंपरिक खेल कलरिपावट्टू के मुकाबले देख सकेंगे। मध्य प्रदेश से इस खेल में 11 खिलाड़ियों का चयन किया गया है।

उज्जैन

  • महाकाल की नगरी उज्जैन में 1 से 10 फरवरी तक योग और मलखम्ब के शानदार मुकाबले होंगे।
  • माधव सेवा न्यास उज्जैन में 1 से 3 फरवरी तक योगासन के 12 खिलाड़ी और 6 से 10 फरवरी तक मलखम्ब के 12 खिलाड़ी अपने बेहतरीन प्रदर्शन से मध्य प्रदेश को पदक दिलाएंगे।

जबलपुर

  • खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 में संस्कारधानी जबलपुर में 30 जनवरी से 10 फरवरी तक 4 अलग-अलग खेलों के मुकाबले होंगे।
  • पारंपरिक खेल खो-खो 30 जनवरी से 3 फरवरी तक। तीरंदाजी 31 जनवरी से 3 फरवरी तक और फेंसिंग के 5 दिवसीय मुकाबले 6 से 10 फरवरी तक रानीताल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होंगे।
  • साइक्लिंग (रोड) 8 और 9 फरवरी को खजूरी रोड पर निर्धारित है।
  • आर्चरी के मुकाबलों में मध्य प्रदेश के 4 खिलाड़ी, खो-खो के 30, फेंसिंग के 24 और साइक्लिंग के 2 खिलाड़ी मध्य प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।

मंडला

  • 2 से 10 फरवरी तक मंडलावासी मणिपुर और पंजाब के मशहूर पारंपरिक खेल थांगता और गटका का मजा ले सकेंगे। डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 2 से 4 फरवरी तक गटका के 8 खिलाड़ी पदकों के लिए मुकाबला करेंगे। 8 से 10 फरवरी तक इसी कॉम्प्लेक्स में थांगता के 9 खिलाड़ी अपना बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे।

बालाघाट

  • बालाघाट के फुटबॉल ग्राउंड में 10 दिनों तक महिला युवा फुटबॉलर्स का रंग जमेगा। 1 से 10 फरवरी तक मध्यप्रदेश की 20 महिला फुटबॉलर्स अपना बेहतर प्रदर्शन करेंगी।

महेश्वर(खरगोन)

  • मध्य प्रदेश के प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर महेश्वर में 6 और 7 फरवरी को सहस्त्र धारा में सलालम के मुकाबले खेले जाएंगे। जिसमें मध्य प्रदेश के 2 पुरूष और 2 महिला खिलाड़ियों का चयन किया गया है।

नई दिल्ली

  • नई दिल्ली के आईजी स्टेडियम में 2 से 4 फरवरी तक 5 खिलाड़ी साइक्लिंग ट्रैक पर पदकों के लिए अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे।

2018 से शुरू हुए खेलो इंडिया यूथ गेम्स

खेलो इंडिया यूथ गेम्स की शुरुआत साल 2018 में हुई थी। अब तक दिल्ली, पुणे (महाराष्ट्र), गोवाहाटी (असम), एवं पंचकुला (हरियाणा) में इसका आयोजन हो चुका है। इस साल 5वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन मध्य प्रदेश में 31 जनवरी 2023 से 11 फरवरी 2023 तक होगा। ये आयोजन प्रदेश के भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, मंडला, महेश्वर एवं बालाघाट में किया जा रहा है।

मध्यप्रदेश की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button