
नागालैंड विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 20 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। गुरुवार (2 फरवरी) को दिल्ली में आयोजित पार्टी की बैठक में नामों की सूची जारी की गई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष तेमजेन इम्ना अलोंगटकी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। नागालैंड में बीजेपी के 12 विधायक थे जिसमें से 11 को दोबारा टिकट दिया गया है। नागालैंड में 60 विधानसभा सीटें हैं। भाजपा यहां 20 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
भाजपा नेता ने मेघालय चुनाव का भी किया जिक्र
भाजपा नेता नलिन कोहली ने लिस्ट जारी करते हुए कहा, ‘हम नागालैंड की 60 में से 20 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। बाकी सीटें हमारे गठबंधन सहयोगी एनडीपीपी (NDPP) को दी गई हैं।’ इस दौरान उन्होंने मेघालय के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि, भाजपा मेघालय की सभी 60 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। जिसके लिए इस बार हमारी टैगलाइन है ‘एम पावर मेघालय’ यानी मोदी के दम पर मेघालय।
BJP announces its 20 candidates for the Nagaland Assembly election
BJP state president Temjen Imna Along to contest from Alongtaki Legislative Assembly constituency pic.twitter.com/Lay1FcJygD
— ANI (@ANI) February 2, 2023
18 जनवरी को हुआ था तारीखों का ऐलान
18 जनवरी 2023 को भारतीय निर्वाचन आयोग ने पूर्वोत्तर के तीन राज्यों के चुनाव की तारीखों की घोषणा की थी। तीनों राज्यों में पिछली बार की तरह दो चरणों में चुनाव होंगे। त्रिपुरा में 16 फरवरी को मतदान होगा। मेघालय और नागालैंड में 27 फरवरी को वोटिंग होगी। तीनों राज्यों में 2 मार्च को नतीजे आएंगे। तीनों राज्यों में 60 विधानसभा सीटें हैं। ऐसे में सरकार बनाने के लिए बहुमत के लिए 31 का आंकड़ा चाहिए।
नॉमिनेशन और नाम वापसी की आखिरी तारीख
- नॉमिनेशन: त्रिपुरा- 21 जनवरी से 30 जनवरी तक, मेघालय-नागालैंड- 31 जनवरी से 7 फरवरी
- नाम वापसी की आखिरी तारीख: त्रिपुरा- 2 फरवरी, मेघालय-नागालैंड-10 फरवरी
नगालैंड में NDPP और भाजपा गठबंधन की सरकार
नागालैंड में NDPP और भाजपा गठबंधन की सरकार है। 2018 से पहले यहां नगा पीपुल्स फ्रंट सत्ता (NPF) में था, लेकिन चुनाव से पहले NPF दो गुटों में बंट गई। बागी नेताओं के साथ राज्य के मुख्यमंत्री रहे नेफ्यू रियो ने नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (NDPP) बनाई थी। चुनाव में NDPP को 18 तो भाजपा को 12 सीटों पर जीत मिली और नेफ्यू रियो राज्य के मुख्यमंत्री बने। जिसके बाद NPF के तमाम विधायक गठबंधन में शामिल हो गए।
ये भी पढ़ें- त्रिपुरा विधानसभा चुनाव 2023: BJP ने 48 सीटों पर की उम्मीदवारों की घोषणा, कांग्रेस ने 17 कैंडिडेट्स के नाम किया ऐलान
ये भी पढ़ें- Assembly Election 2023: त्रिपुरा में 16 फरवरी, मेघालय-नागालैंड में 27 फरवरी को चुनाव; 2 मार्च को आएंगे नतीजे