CJP आंदोलन पर भड़के 'शक्तिमान' मुकेश खन्ना,बोले- 'गंदी नाली के कीड़े बन गए, इन्हें बाहर फेंक दो'

'शक्तिमान' फेम अभिनेता मुकेश खन्ना ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। अभिनेत्री कंगना रनौत के बाद अब मुकेश खन्ना ने भी आंदोलन और उसमें शामिल कुछ प्रदर्शनकारियों की भाषा पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आंदोलन को "स्पॉन्सर्ड" बताते हुए कहा कि असली छात्रों का इस तरह की अभद्र भाषा से कोई संबंध नहीं हो सकता। मुकेश खन्ना ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा कर कहा कि वह भले ही इस समय भारत से बाहर हैं, लेकिन सोशल मीडिया के जरिए देश की हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं।
'अगर यही हमारा युवा है तो भविष्य चिंता का विषय'
वीडियो में मुकेश खन्ना ने कहा कि उन्होंने कुछ दिन पहले भी इस मुद्दे पर अपनी चिंता जाहिर की थी। उनके मुताबिक, अगर यही देश का भविष्य है तो आने वाले वर्षों को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि मैं इंडिया से बाहर हूं, लेकिन इंस्टाग्राम, यूट्यूब और सोशल मीडिया के जरिए सब देख रहा हूं। अगर यही हमारा Gen-Z है और यही आने वाले समय में देश संभालेगा, तो सोचिए भविष्य कैसा होगा।
'यह असली छात्रों का आंदोलन नहीं था'
मुकेश खन्ना ने दावा किया कि उन्हें मिली जानकारी और सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के आधार पर यह आंदोलन वास्तविक छात्रों का नहीं था। उन्होंने कहा कि जितना मैंने देखा और लोगों से सुना, उससे मुझे लगता है कि यह नीट या छात्रों का असली आंदोलन नहीं था। कुछ लोग छात्रों को आगे करके अपने राजनीतिक मकसद पूरे करना चाहते हैं। वे खुद पीछे रहते हैं और दूसरों से गालियां दिलवाते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आंदोलन के पीछे कुछ लोगों ने सरकार को अस्थिर करने की मंशा से काम किया।
CJP पर साधा निशाना, विवादित टिप्पणी भी की
वीडियो में मुकेश खन्ना ने CJP पर निशाना साधते हुए विवादित टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि ये वही लोग हैं जो कॉकरोच की तरह समाज में फैल रहे हैं। जैसे घर में कॉकरोच आ जाएं तो उन्हें बाहर निकाल दिया जाता है, वैसे ही ऐसे लोगों को भी समाज से दूर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कैमरे के सामने अभद्र भाषा बोलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
छात्रों को दी चेतावनी, बोले- करियर पर पड़ सकता है असर
मुकेश खन्ना ने आंदोलन में शामिल युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें समझना चाहिए कि सार्वजनिक मंच पर दिए गए बयान लंबे समय तक रिकॉर्ड का हिस्सा बने रहते हैं। उन्होंने कहा कि मैं बच्चों से कहना चाहता हूं कि जो कुछ आपने कहा है, उसका असर आपकी आने वाली जिंदगी पर पड़ सकता है। लोग नौकरी देने में हिचकिचा सकते हैं, वीजा मिलने में दिक्कत हो सकती है। इसलिए किसी के बहकावे में आने से पहले सोचिए। वीडियो के कैप्शन में भी उन्होंने लिखा कि जो युवा गलत संगत में पड़कर मर्यादा भूल रहे हैं, उन्हें समय रहते इससे बाहर निकल जाना चाहिए।
अभिजीत दिपके की अचानक बिगड़ी तबीयत, डॉक्टर कर रहे इलाज
क्या है पूरा मामला?
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था और अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन किया था। आंदोलन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई। बाद में संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बनी थी। इसी घटनाक्रम के बाद कई सार्वजनिक हस्तियों ने इस प्रदर्शन पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं। जहां कुछ लोगों ने छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया, वहीं कुछ ने प्रदर्शन के दौरान इस्तेमाल की गई भाषा और तौर-तरीकों पर आपत्ति जताई है।












