Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

महाकाल मंदिर में हुई रिंग सेरेमनी!वीडियो वायरल होने के बाद सुरक्षा एजेंसी पर लगा जुर्माना

उज्जैन के महाकाल मंदिर में दिल्ली के एक कपल ने गणेश मंडपम में सगाई की रस्म निभाकर एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा एजेंसी पर 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया और जांच शुरू कर दी।
वीडियो वायरल होने के बाद सुरक्षा एजेंसी पर लगा जुर्माना

उज्जैन के प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर मंदिर में एक अनोखा मामला सामने आया है। दिल्ली से आए एक युवक और युवती ने मंदिर परिसर में सगाई की रस्म निभाई और एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई। इतना ही नहीं, उन्होंने इस खास पल का वीडियो भी बनवाया और बाद में उसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होते ही मंदिर प्रशासन हरकत में आया और मामले की जांच शुरू कर दी।

वीडियो के सामने आने के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने सुरक्षा में लापरवाही मानते हुए निजी सुरक्षा एजेंसी ‘कोर सिक्योरिटी’ पर 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। साथ ही वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटवाने की कार्रवाई भी की गई।

गणेश मंडपम में निभाई गई सगाई की रस्म

जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी एक कपल प्रोटोकॉल के तहत महाकाल मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे। दर्शन के दौरान वे मंदिर के गणेश मंडपम क्षेत्र तक पहुंचे, जो नंदी हॉल के पास स्थित है।

यहीं पर दोनों ने बाबा महाकाल के दर्शन करते हुए एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई और अपनी सगाई की रस्म पूरी की। पहले युवक ने युवती को रिंग पहनाई और उसके बाद युवती ने भी युवक को अंगूठी पहनाई। इस पूरे कार्यक्रम का वीडियो रिकॉर्ड किया गया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर साझा किया गया।

ये भी पढ़ें: MP Weather Update : नौतपा के छठे दिन बदला मौसम… कई जिलों में बारिश-ओलों की एंट्री; 31 मई से पूरे प्रदेश में बदलेगा मौसम

'महाकाल राजी, तो क्या करेगा काजी'

कपल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस वीडियो को पोस्ट किया। वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा- जब महाकाल राजी, तो क्या करेगा काजी। यह कैप्शन और मंदिर परिसर में हुई रिंग सेरेमनी लोगों का ध्यान तेजी से अपनी ओर खींचने लगी। देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया और लाखों लोगों तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि वीडियो को लाखों लाइक मिले। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। 

वायरल वीडियो से मंदिर प्रशासन में मचा हड़कंप

वीडियो वायरल होने के बाद महाकाल मंदिर प्रशासन को इस घटना की जानकारी मिली। मंदिर प्रबंधन ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू कर दी।

मंदिर प्रशासन का कहना है कि मंदिर परिसर धार्मिक गतिविधियों और दर्शन व्यवस्था के लिए है। ऐसे में किसी भी प्रकार की निजी रस्म या आयोजन की अनुमति नहीं है। प्रशासन ने यह भी जानने का प्रयास किया कि आखिर इतनी बड़ी गतिविधि मंदिर परिसर में कैसे हो गई और सुरक्षा व्यवस्था को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिली।

सुरक्षा एजेंसी पर लगाया गया जुर्माना

मामले की जांच के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने सुरक्षा व्यवस्था में चूक मानते हुए निजी सुरक्षा एजेंसी कोर सिक्योरिटी पर 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है।

मंदिर समिति के अनुसार मंदिर और श्रद्धालुओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी सुरक्षा एजेंसी की होती है। यदि मंदिर परिसर में इस तरह की गतिविधि हुई और सुरक्षा कर्मियों को इसकी जानकारी नहीं मिली, तो यह सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही मानी जाएगी।

वीडियो हटाने की भी हुई कार्रवाई

मंदिर प्रशासन ने वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से संपर्क किया। प्रशासन के प्रयासों के बाद वीडियो को हटवाने की कार्रवाई की गई। अधिकारियों का कहना है कि मंदिर की गरिमा और धार्मिक मर्यादा बनाए रखना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसलिए ऐसे वीडियो, जो मंदिर परिसर में निजी आयोजनों को बढ़ावा देते हैं, उन पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: मुंबई में महंगाई का झटका! 17 दिन में दूसरी बार बढ़े CNG के दाम, ₹86 किलो हुई कीमत, ऑटो-टैक्सी चालकों की बढ़ी परेशानी

प्रोटोकॉल के तहत मिले प्रवेश की भी होगी जांच

मंदिर प्रशासन अब इस बात की भी जांच कर रहा है कि पुलकित मल्होत्रा और गिन्नी खंडूजा किस प्रोटोकॉल के तहत मंदिर में प्रवेश कर पाए थे। अधिकारियों के अनुसार यदि किसी स्तर पर नियमों का उल्लंघन हुआ है या किसी ने विशेष अनुमति का गलत उपयोग किया है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर परिसर में किसी भी प्रकार की निजी रस्म, कार्यक्रम या सोशल मीडिया कंटेंट बनाने से पहले नियमों का पालन करें। ताकि मंदिर की परंपराएं और धार्मिक मर्यादा बनी रहे।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts