PU Special :सितंबर में स्टेट हैंगर पहुंचेगा मप्र सरकार का 325 करोड़ का चैलेंजर जेट, 9 सीटर विमान की कश्मीर से कन्याकुमारी तक बिना रुके उड़ान भरने की क्षमता

मध्यप्रदेश सरकार का नया चैलेंजर 3500 जेट विमान 15 सितंबर तक भोपाल के स्टेट हैंगर पहुंचने की उम्मीद है। करीब 325 करोड़ रुपए की लागत वाले इस नौ सीटर विमान में अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी। अक्टूबर से विमान मुख्यमंत्री और अन्य वीआईपी यात्राओं के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
Follow on Google News
सितंबर में स्टेट हैंगर पहुंचेगा मप्र सरकार का 325 करोड़ का चैलेंजर जेट, 9 सीटर विमान की कश्मीर से कन्याकुमारी तक बिना रुके उड़ान भरने की क्षमता
भोपाल। कुछ ऐसा होगा मप्र सरकार का नया चैलेेंजर जेट।

अशोक गौतम, भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार का नया चैलेंजर 3500 जेट विमान अगले माह 15 सितंबर तक भोपाल के स्टेट हैंगर पहुंच जाएगा। विमान की पार्किंग के लिए स्टेट हैंगर का विस्तार किया जा रहा है। विमान निर्माता कंपनी बॉम्बार्डियर ने राज्य सरकार को इसके निर्माण की जानकारी देते हुए तकनीकी जांच और ट्रायल की प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा है। करीब 325 करोड़ रुपए की लागत वाले इस विमान में अकेले विमान की कीमत करीब 250 करोड़ रुपए बताई गई है। नौ सीटर यह जेट अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और अक्टूबर से मुख्यमंत्री सहित वीआईपी यात्राओं के लिए उड़ान भरने लगेगा।

अमेरिका में ट्रेनिंग ले रहे दो पायलट

बॉम्बार्डियर कनाडा की कंपनी है और विमान के साथ एक साल तक मेंटेनेंस की जिम्मेदारी भी कंपनी की रहेगी। इस दौरान विमान में आने वाली तकनीकी खराबियों को कंपनी दूर करेगी और राज्य सरकार के स्टाफ को विमान के रखरखाव और संचालन से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। सरकार के दो पायलट विश्वास राय और अरविंद मेहरा को वर्तमान में अमेरिका में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ये दोनों पायलट विमान को उड़ाकर अगले माह मध्यप्रदेश लेकर आएंगे।

ये भी पढ़ें: मंत्री विजय शाह मामले में सीधे सुप्रीम कोर्ट में एफिडेविट पेश करेगी मप्र सरकार, SIT को अभियोजन की मंजूरी नहीं देगी!

सफेद रंग में होगा सरकार का नया जेट

सरकार का नया जेट सफेद रंग का होगा, जिस पर नीली पट्टी रहेगी। विमान पर बड़े आकार में मध्यप्रदेश सरकार का मोनो लगाया जाएगा। इसका वजन करीब 18 हजार किलो बताया गया है। इसके मुकाबले सरकार के पुराने विमान का वजन 5700 किलो से कम था। नया विमान लंबी दूरी की उड़ान के लिहाज से भी अधिक सक्षम होगा और कश्मीर से कन्याकुमारी तक बिना रुके उड़ान भरने की क्षमता रखेगा।

नवंबर में आएगा नया हेलिकॉप्टर

सरकार का नया हेलिकॉप्टर भी नवंबर में मध्यप्रदेश आने की तैयारी में है। यह एयरबस का हेलिकॉप्टर है, जिसे फ्रांस में तैयार किया जा रहा है। इसके लिए सरकार के पायलट आदेश राय और संजय श्रीवास्तव को फ्रांस में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। हेलिकॉप्टर की कीमत करीब 140 करोड़ रुपए बताई गई है, जबकि टैक्स और अन्य खर्च जोड़कर इसकी कुल लागत करीब 200 करोड़ रुपए आंकी गई है।

चार साल में 295 करोड़ हवाई यात्राओं पर खर्च

विधानसभा में विमानन विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार वर्ष 2021 से लेकर नवम्बर 2025 तक लगभग 295 करोड़ रुपए सरकार के हवाई यात्राओं पर खर्च हुए हैं। 2021-23 में औसत खर्च करीब 14 लाख रुपए प्रतिदिन था, जबकि 2024-नवंबर 2025 में यह करीब 21 लाख रुपए प्रतिदिन पहुंच गया। मालूम हो कि मध्य प्रदेश सरकार का स्टेट प्लेन 6 मई 2021 की रात को ग्वालियर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था।

ये भी पढ़ें: डॉ. मोहन यादव कैबिनेट: सिवनी-बालाघाट हाईवे होगा फोरलेन, 3458 करोड़ रुपए की लागत से बनेगी सड़क

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts