अंतर्राष्ट्रीय

चीन के पूर्व राष्ट्रपति जियांग जेमिन का निधन, 96 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

चीन के पूर्व राष्ट्रपति जियांग जेमिन (Jiang Zemin) का बुधवार को निधन हो गया है। उन्होंने 96 साल की उम्र में अंतिम सांस ली है। चीन के सरकारी मीडिया के मुताबिक, वह ल्यूकेमिया बीमारी से पीड़िता थे। इसके कारण उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था।

चीन के विकास में अहम योगदान

जियांग एक फैक्ट्री इंजीनियर से दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश के नेता के रूप में उभरे थे। जिन्होंने चीन को वैश्विक व्यापार, सैन्य और राजनीतिक शक्ति के रूप में उभरने की ओर अग्रसर किया। जब उन्होंने 1989 में पदभार संभाला था, तब चीन आर्थिक आधुनिकीकरण के प्रारंभिक चरण में था और तियानमेन नरसंहार से उबरने की कोशिश कर रहा था।

लेकिन, जब जियांग 2003 में राष्ट्रपति के रूप में सेवानिवृत्त हुए, तब तक चीन विश्व व्यापार संगठन का सदस्य बन चुका था, ब्रिटेन ने हांगकांग को सौंप दिया था, बीजिंग ने 2008 के ओलंपिक को सुरक्षित कर लिया था, और देश महाशक्ति का दर्जा पाने के रास्ते पर था।

एक दशक तक चीन के राष्ट्रपति रहे जियांग जेमिन

1989 में लोकतंत्र समर्थक प्रदर्शनकारियों पर खूनी कार्रवाई के बाद जियांग को चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी का प्रमुख बनाया गया था। जियांग जेमिन करीब एक दशक तक चीन के राष्ट्रपति रहे। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान कई अहम फैसले भी लिए थे। जिसका चीन पर काफी प्रभाव रहा। जियांग जेमिन का जन्म 17 अगस्त 1926 को हुआ था।

अन्य अंतर्राष्ट्रीय खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button