
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव चार दिवसीय दौरे पर जापान पहुंचे। अपने दौरे के पहले दिन सीएम डॉ मोहन यादव ने टोक्यो में आयोजित रोड-शो सेलिब्रेटिंग इंडिया-जापान रिलेशनशिप मध्य प्रदेश में शामिल हुए। टोक्यो पहुंच कर सीएम मोहन यादव ने महात्मा गांधी की प्रतिमा को पुष्प अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात कर इंडिया-जापान के मजबूत रिश्तों पर बात कही।
भारत-जापान का संबंध शुरू से प्रगाढ़
सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट होने वाला है। उन्होंने कहा कि 24-25 फरवरी को एमपी में निवेशक शिखर सम्मेलन है, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। मौजूदा समय में जापान प्रौद्योगिक दृष्टि से सबसे अच्छे देशों में से एक माना जाता है। भारत-जापान का संबंध भी शुरू से प्रगाढ़ संबंध रहा है।
जापान में सीएम का जारदार स्वागत
जापान पहुंचने पर सीएम यादव का प्रवासी भारतीयों ने जोरदार स्वागत किया। वहीं तिलक, साफा और पारंपरिक तलवार भेंट करते हुए एनआरआई समुदाय ने उनका अभिनंदन किया। सीएम की जापान यात्रा पिछले साल शुरू किए गए ‘मध्य प्रदेश में निवेश’ अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस दौरान सीएम जापान के प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों को 24-25 फरवरी को भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए आमंत्रित करेंगे। सीएम यादव की इस यात्रा का मकसद एमपी में निवेश लाना और आर्थिक संबंधों को मजबूती प्रदान करना है।
सीएम और भारत के राजदूत सिबी जॉर्ज की मुलाकात
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने दौरे के दौरान जापान की राजधानी टोक्यो में भारत के राजदूत सिबी जॉर्ज से मुलाकात की। इम्पीरियल होटल में हुई इस बैठक में दोनों ने भारत-जापान संबंधों को और गहरा करने पर चर्चा की। साथ ही, उन्होंने मध्य प्रदेश और जापान के बीच व्यापार और आर्थिक सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर भी जोर दिया।
सीएम यादव का संवाद सत्र
अपने जापान दौरे के दौरान सीएम यादव ने संवाद सत्र के दौरान अहम लोगों से मुलाकात की। सीएम ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा कि टोयोटा मोटर कॉर्पोरेशन के प्रशासन और सहायता विभाग के विभाग महाप्रबंधक तोशीयुकी नकाहारा और परियोजना महाप्रबंधक मासाहिरो नोगी के साथ एक संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें भारत और मध्य पूर्व प्रभाग के तहत संभावित व्यापार संबंधों पर चर्चा की गई। इस बैठक में मध्य प्रदेश में व्यापारिक अवसरों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया, जहां विशाल भूमि, कुशल युवा कार्यबल, उत्कृष्ट बुनियादी ढांचा और तेजी से बढ़ता ऑटोमोबाइल क्षेत्र प्रमुख आकर्षण हैं।