
नई दिल्ली। केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी की रविवार रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, सीने में जकड़न की शिकायत के बाद रेड्डी को रात करीब 10.50 पर अस्पताल ले जाया गया। जी किशन रेड्डी को कार्डियो न्यूरो सेंटर के कार्डियक केयर युनिट में एडमिट किया गया है।
केंद्रीय संस्कृति मंत्री ने रविवार को कहा था कि, पीएम मोदी के शो मन की बात में भारत की विरासत, इतिहास और संस्कृति पर प्रकाश डाला गया है। रेड्डी ने ये बात ‘नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट’ (NGMA) में रेडियो कार्यक्रम की 100वीं कड़ी के उपलक्ष्य में ‘जन शक्ति: एक सामूहिक शक्ति’ प्रदर्शनी के उद्घाटन सत्र को संबोधित करने के दौरान कही थी।
गृह मंत्रालय में राज्यमंत्री थे रेड्डी
भाजपा के सांसद जी. किशन रेड्डी को 2019 में 17वीं लोकसभा में तेलंगाना के सिकन्दराबाद निर्वाचन क्षेत्र से चुना गया था। जुलाई 2021 में भाजपा के सांसद जी. किशन रेड्डी ने केंद्रीय संस्कृति, पर्यटन मंत्रालय और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय का कार्यभार संभाला था। इससे पहले वे गृह मंत्रालय में राज्यमंत्री थे। उन्हें हृदय के रोगी बच्चों के लिए काम करने के लिए जाना जाता है। रेड्डी को संयुक्त राष्ट्र से पुरस्कार मिल चुका है।