राष्ट्रीय

Odisha Cabinet Reshuffle : CM नवीन पटनायक के सभी मंत्रियों ने दिया इस्तीफा, कल नई कैबिनेट लेगी शपथ

ओडिशा में शनिवार को कैबिनेट फेरबदल का ऐलान किया गया। जिसके चलते राज्य कैबिनेट के सभी मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, रविवार दोपहर 12 बजे नए मंत्री शपथ लेंगे।

रविवार को राजभवन में लेंगे शपथ

बताया जा रहा है कि सभी मंत्रियों की जगह अब नए चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह दी जाएगी। हालांकि, उन नए चेहरों के नामों की जानकारी अब तक नहीं दी गई है। सभी रविवार को ओडिशा के राजभवन में मंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्य में 2024 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक अपनी नई टीम के साथ चुनाव में उतरने की तैयारी कर रहे हैं।

नए मंत्रिमंडल का होगा गठन

सबसे पहले विधानसभा अध्यक्ष सूर्यनारायण पात्र ने अपना इस्तीफा पत्र विधानसभा उपाध्यक्ष को भेजा। इसके बाद मंत्रियों के इस्तीफा देने का सिलसिला शुरू हुआ और एक के बाद एक सभी मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया। मंत्रियों के इस्तीफे के बाद मुख्यमंत्री नवीन पटनायक नए मंत्रिमंडल का गठन करेंगे।

सरकार ने पूरे किए तीन साल

सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) ने पिछले महीने 29 मई को अपने कार्यकाल के तीन साल पूरे किए हैं। इसके बाद से ही अटकलें लगनी शुरू हो गई थीं कि मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल हो सकता है। इसी बीच विवादों में आने वाले नेताओं की वजह से सरकार की प्रतिष्ठा पर भी सवाल उठ रहे थे। लिहाजा कैबिनेट के सभी मंत्रियों ने शनिवार को अपना इस्तीफा सौंप दिया।

राज्य में विधानसभा की 146 सीटें हैं

बता दें कि इससे पहले राज्य में 2019 में विधानसभा चुनाव कराए गए थे। इसमें नवीन पटनायक की पार्टी बीजद को 112 सीटें मिली थीं। इसके अलावा भाजपा को 23, कांग्रेस को नौ और लेफ्ट को एक सीट से संतोष करना पड़ा था। इसके अलावा एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के नाम भी हुई थी। राज्य में विधानसभा की कुल 146 सीटें हैं।

उपचुनाव में बीजेडी को मिली जीत

हाल ही में हुए विधानसभा उपचुनाव में भी बीजद ने जीत का परचम लहराया था। बीते साल दिसंबर में बीजद विधायक किशोर मोहंती के निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी। पार्टी ने उपचुनाव में किशोर मोहंती की पत्नी को चुनावी मैदान में उतारा था।

संबंधित खबरें...

Back to top button