राष्ट्रीय

सुप्रीम कोर्ट को मिले दो नए जज, जस्टिस राजेश बिंदल और जस्टिस अरविंद कुमार ने ली शपथ

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट को सोमवार को दो नए जज मिले हैं। CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने जस्टिल राजेश बिंदल और अरविंद कुमार को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण की। शीर्ष अदालत के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत होने से पहले, न्यायमूर्ति बिंदल इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश थे। वहीं न्यायमूर्ति अरविंद कुमार गुजरात उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश थे।

सुप्रीम कोर्ट में 34 हुई जजों की संख्या

सुप्रीम कोर्ट में सोमवार सुबह 10.30 बजे शपथ ग्रहण समारोह हुआ। शुक्रवार को कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने ट्विटर पर शीर्ष अदालत में नई नियुक्तियों की घोषणा के संबंध में जानकारी दी थी। इन दोनों जजों के शपथ ग्रहण करने के बाद सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या 34 हो गई है।

कौन हैं न्यायमूर्ति राजेश बिंदल?

न्यायमूर्ति राजेश बिंदल का जन्म 16 अप्रैल 1961 को हुआ था। उनका मूल कैडर पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय है। जस्टिस बिंदल ने 1985 में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से एलएलबी किया था और सितंबर 1985 में पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय में इस पेशे में शामिल हुए। वे 11 अक्टूबर, 2021 से इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे। 22 मार्च, 2006 को पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में उन्हें पदोन्नत किया गया था। इस दौरान उन्होंने करीब 80,000 मामलों का निपटारा किया।

कौन हैं न्यायमूर्ति अरविंद कुमार?

  • 14 जुलाई 1962 को जन्में जस्टिस अरविंद कुमार का मूल कैडर कर्नाटक उच्च न्यायालय है।
  • 1987 में एक वकील के रूप में जस्टिस कुमार ने कार्य शुरू किया था।
  • 1999 में उन्हें कर्नाटक उच्च न्यायालय में एक अतिरिक्त केंद्र सरकार के स्थायी वकील के रूप में नियुक्त किया गया था।
  • 2005 में उन्हें भारत के सहायक सॉलिसिटर जनरल के रूप में नियुक्त किया गया था।
  • 26 जून, 2009 को उन्हें कर्नाटक उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया था।
  • 7 दिसंबर, 2012 को उन्हें स्थायी न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया था।
  • 13 अक्टूबर, 2021 से वे गुजरात उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे।
  • पिछले सोमवार को 5 जजों को दिलाई गई थी शपथ

CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने पिछले सोमवार को न्यायमूर्ति पंकज मित्तल, न्यायमूर्ति संजय करोल, न्यायमूर्ति संजय कुमार, न्यायमूर्ति अहसानुद्दीन अमानुल्लाह और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा को सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में पद की शपथ दिलाई थी।

संबंधित खबरें...

Back to top button