
उज्जैन। देश के बारह ज्योर्तिलिंगों में से एक महाकाल मंदिर क्षेत्र में अब दर्शनार्थी रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल नहीं कर सकेंगे। मंदिर प्रशासन ने फिल्मी गीतों पर बनाए जाने वाले रील्स पर नियंत्रण के लिए एक्शन प्लान तैयार किया है, जिसे गुरुवार को कलेक्टर और मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष नीरज कुमार सिंह को प्रस्तुत किया जाएगा। कलेक्टर की अनुमति के बाद मंदिर परिसर में मोबाइल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाएगा।
फिल्मी गीतों पर डांस कर बना रहे रील्स
महाकाल मंदिर दर्शन करने आने वाले दर्शनार्थी, खासकर युवा, मंदिर परिसर में फिल्मी गीतों पर डांस कर रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं। इसको लेकर मंदिर के पुजारियों में भी नाराजी बढ़ रही है। मंदिर में मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित है, लेकिन फिर भी कई दर्शनार्थी मोबाइल लेकर प्रवेश कर जाते हैं। इतना ही नहीं, कई युवा फिल्मी गीतों पर डांस कर रील्स बनाने लगे हैं। हाल ही एक युवती की रील्स सुर्खियों में आई है। उसने फिल्मी गीत ‘ये दिल तो प्यार मांगे है’ पर महाकाल महालोक में भगवान शिव की प्रतिमा के सामने नृत्य किया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था।
महालोक में भी बनने लगी रील्स
मंदिर परिसर के बाद अब महालोक परिसर में भी युवा रील्स बनाने लगे हैं। मंदिर प्रशासन ने परिसर में मोबाइल पर प्रतिबंध नहीं लगाया है, ताकि दर्शनार्थी महाकाल मंदिर यात्रा को अपने मोबाइल में सहेज सकें। परिसर में सेल्फी लेने के प्रति युवाओं में खासा आकर्षण रहता है।
ये बड़े मामले आ चुके सामने
एक साल पहले मनीषा रोशन नामक महिला ने फिल्मी गानें ‘रग रग में इस तरह तू समाने लगा’ पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया था। इस पर उस पर प्रकरण दर्ज किया गया। दिसंबर 2022 में मंदिर सुरक्षाकर्मी वर्षा नवरंग और पूनम सेन ने विश्रामधाम परिसर में फिल्मी गीतों पर वीडियो बनाया था। इस दोनों को बर्खास्त कर दिया गया। सितंबर 2018 में मुंबई की एक मॉडल ने भी वीडियो बनाकर वायरल किया था। मॉडल ने पूजा-अर्चना के साथ अपने डांस का वीडियो बनाया था। इसका विरोध होने के बाद मॉडल ने इंस्टाग्राम से वीडियो को हटा लिया था।
महाकाल लोक को 7 बीट में बांटा, थाना भी खुलेगा
भगवान महाकाल के दर्शन के लिए देशभर से बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में भी परिवर्तन किए जा रहे हैं। सुरक्षा ओएसडी जयंत राठौर ने बताया कि पुलिस विभाग, सुरक्षा एजेंसी, होमगार्ड के अधिकारी चर्चा कर रहे हैं। आगे जाकर महाकाल महा-लोक थाना भी प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री ने इसकी घोषणा कर दी है।
नए पुलिस थाने में सामान्य थाने की तरह बीट व्यवस्था लागू की जाएगी। अलग-अलग बीट प्रभारी की जिम्मेदारी रहेगी। बीट में अधिकारी, सुरक्षा कर्मचारी व मंदिर के कर्मचारी श्रद्धालुओं को बीट में गाइड करेंगे। फिलहाल महाकाल महालोक में सात बीट तय की है।
ऐक्शन प्लान बनाया है
महाकाल मंदिर में मोबाइल पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने का एक्शन प्लान बनाया गया है। मंदिर प्रशासन ने कर्मचारियों के लिए बीट सिस्टम भी तैयार किया है।
– अनुकूल जैन, प्रशासक महाकाल मंदिर
One Comment