भोपालमध्य प्रदेश

Bhopal Suicide Case : परिवार के सामूहिक खुदकुशी मामले में 5वीं मौत, पत्नी ने भी तोड़ा दम

भोपाल में सूदखोरों से तंग आकर ऑटो पार्ट्स व्यापारी के परिवार के सामूहिक खुदकुशी मामले में 5वीं मौत हो गई है। परिवार के मुखिया संजीव जोशी की पत्नी ने भी दम तोड़ दिया है। इससे पहले शनिवार देर रात संजीव, उसी दिन सुबह उनकी बड़ी बेटी ग्रीष्मा की मौत हो गई थी। वहीं शुक्रवार को उनकी छोटी बेटी पूर्वी और मां नंदनी जिंदगी की जंग हार चुकी हैं।

परिवार ने जहर पीकर की खुदकुशी

पिपलानी थाना क्षेत्र के पटेल नगर में गुरुवार रात को एक ही परिवार के पांच लोगों ने जहर पीकर खुदकुशी की थी। इसमें दंपति, मां सहित दो बच्चियां शामिल थीं। जिसके बाद पुलिस ने सभी को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्पताल में इलाज के दौरान सभी ने एक-एक करके दम तोड़ दिया।

घर की दीवार पर लिखा था सुसाइड नोट।

सोशल मीडिया पर डाला था वीडियो

जानकारी के अनुसार, परिवार की दोनों बेटियां ऐनिमल लवर थीं। उन्हें लगा कि हमारे जाने के बाद इनका क्या होगा, इसलिए उन्होंने पहले अपने पालतू श्वान को जहर दे दिया। श्वान के मरने के बाद पूरे परिवार ने जहर पी लिया। वहीं मरने के पहले उन्होंने दीवार पर सुसाइड नोट लिखा और इसका एक वीडियो भी बनाया। इसमें उन्होंने लिखा कि ‘वे मजबूरी में ये कदम उठा रहे हैं, हमें इंसाफ चाहिए’। वीडियो को उन्होंने सोशल मीडिया पर डाला। वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई।

मकान के लिए कर्ज लिया था

पुलिस ने बताया कि अब तक की जांच में सामने आया है कि संजीव ने कई लोगों से कर्ज ले रखा था। इसमें उनके ही घर में किराए से रहने वाली एक महिला से भी करीब 2 लाख रुपए उधार लिया था। महिला अपनी बेटी के साथ उनके घर में दो दिन पहले तक किराए से रह रही थी। उसे अपनी बेटी की शादी करना था, इसलिए वे रुपए मांग रही थी। इसके साथ ही संजीव ने कई लोगों से भी उधार ले रखे थे। बताया जाता है कि उन्होंने ये रुपए करीब पांच साल पहले मकान बनाने के लिए उधार लिए थे।

सूदखोरों से परेशान था परिवार

अशोक विहार में संजीव जोशी के परिवार ने गुरुवार की रात को बबली, उसकी बेटी रानी, बहन उर्मिला और प्रमिला सहित उसके रिश्तेदारों-मित्रों द्वारा उधारी वसूलने के लिए प्रताड़ित करने और अपमानित करने से परेशान होकर जहर पी लिया था।

पुलिस ने इन आरोपियों पर की FIR

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह भदौरिया ने बताया है कि परिवार द्वारा एक साथ खुदकुशी के मामले में चार महिलाओं बबली, उ‌सकी बेटी रानी, बहन उर्मिला, प्रमिला पर खुदकुशी के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज किया गया है। अभी सूदखोरी एक्ट के तहत मामला दर्ज नहीं किया गया है। भदौरिया ने कहा है कि जांच जारी है। उसमें आरोपियों के खिलाफ जो भी साक्ष्य सामने आएंगे उनमें कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर दिए थे कार्रवाई के निर्देश

इस मामले में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर दिए थे कार्रवाई के निर्देश। उन्होंने घटना को ह्रदयविदारक और असहनीय बताया है। सीएम ने कहा था कि सूदखोरों और साहूकारों द्वारा मनमाना ब्याज वसूले जाने से ये घटना घटी है। सीएम ने गैर कानूनी रूप से सूदखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

भोपाल से जुड़ी अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button