
भोपाल। मध्यप्रदेश के भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बुधवार को कांग्रेस पर खुलकर हमला बोला। भाजपा की विकास यात्रा पर कुछ देर पहले की पूर्व सीएम कमलनाथ ने सवाल उठाया था। उन्होंने विकास यात्रा को नाटक-नौटंकी करार दिया था। इसके जवाब में शर्मा ने दिग्विजय सिंह से लेकर कमलनाथ तक की 15 महीने की सरकार पर हमला बोला।
वीडी शर्मा ने कहा- क्या ढकोसला है, क्या नौटंकी है, क्या झूठ है, यह मप्र की साढ़े 8 करोड़ जनता बेहतर जानती है। हम सकारात्मक राजनीति करते हैं। विकास यात्राओं के माध्यम से हम जनता के बीच जा रहे हैं। 82 लाख लोग मप्र की गरीब कल्याण योजनाओं से लाभान्वित होने चाहिए, यह बताने हम घर-घर जा रहे हैं।
2003 में बंटाधार था मध्यप्रदेश
वीडी शर्मा ने कहा- 2003 का मप्र क्या था कमलनाथ जी, दिग्विजय सिंह के इशारे पर बंटाधार मप्र चला था। कमलनाथ जी 15 महीने आपके नेतृत्व में चलने वाली सरकार दिग्विजय सिंह के इशारे पर किस प्रकार दुरावस्था के दौर में गई, यह मप्र ने देखा है। ढकोसला कौन था, झूठ कौन बोलता है, भ्रम कौन फैलाता है? मैं फिर कह रहा हूं, भ्रम, झूठ, छल-कपट की राजनीति पर सरकारें नहीं बनतीं। समय बदल गया है।
मप्र के चुनावों में लागू हो गुजरात मॉडल
शर्मा ने कहा कि इस साल मध्यप्रदेश समेत 9 राज्यों में होने वाले चुनावों में गुजरात मॉडल लागू होगा। गुजरात में काम हुआ, इसी का नतीजा है कि 27 सालों की सरकार के बाद भी एंटी इनकंबेंसी प्रो इनकंबेंसी में तब्दील हो गई। यही मॉडल मध्यप्रदेश में भी लागू होगा। यह सब प्रधानमंत्री मोदी के विजन और गरीब कल्याण योजनाओं के चलते संभव हुआ है।
हुजूर से चुनाव लड़ने के कयासों पर
एक सवाल के जवाब में शर्मा ने कहा- मेरा लोकसभा का स्थाई पता कोलार के दानिश हिल्स पर है। वह मेरा स्वयं का पता है। लोकसभा में मेरा यही स्थाई पता है। खजुराहो लोकसभा की जनता ने मुझे पांच लाख वोटों से चुना है, मुझे ये गर्व है कि मुझे बुंदेलखंड में काम करने का अवसर मिला। मैं उस काम में लगा हूं। दरअसल, हाल ही में हुजूर विधानसभा के कोलार की वोटर लिस्ट में वीडी शर्मा का नाम जुड़ा है। ऐसे में चर्चाएं हो रही थीं कि शर्मा इस बार हुजूर विधानसभा से चुनाव लड़ सकते हैं।
कार्यकाल आगे बढ़ाने का फैसला केंद्रीय नेतृत्व का
हाल ही में भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल जून 2024 तक के लिए आगे बढ़ाया है। ऐसे में प्रदेश में विधानसभा चुनावों को देखते हुए प्रदेश अध्यक्ष का कार्यकाल बढ़ाने के सवाल पर शर्मा ने कहा- राज्यों के अध्यक्षों के कार्यकाल के संबध में निर्णय केंद्रीय नेतृत्व करेगा। मैं इस पर नहीं कह सकता।
मप्र के हर बूथ पर 51 प्रतिशत वोट लाना है
शर्मा ने कहा- मध्यप्रदेश में गुजरात मॉडल लागू होगा। हमें हर बूथ पर 51 प्रतिशत वोट लाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यंमत्री शिवराज सिंह चौहान हमारी ताकत हैं। इन्हीं की बदौलत गुजरात जैसी आंधी मध्यप्रदेश में भी चलेगी। हमारे संगठन की मजबूरी और योजनाओं के आधार पर 200 सीटें लाएंगे। केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाएं इस जीत का सबसे बड़ा आधार होंगी।
एंटी इनकंबेंसी नहीं प्रो इनकंबेंसी
एक सवाल के जवाब में शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में एंटी इनकंबेंसी नहीं, प्रो इनकंबेंसी होगी। उन्होंने कहा- एंटी इनकंबेंसी वहां होती है, जहां लोग काम नहीं करते। भारतीय जनता पार्टी में पूरा संगठन एकजुट होकर काम करता है।