तुर्की से जबलपुर लौटे मर्चेंट नेवी के एक अधिकारी की कोरोना रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। जिसके बाद से जबलपुर में ओमक्रिॉन के डर से लोगों में हड़कंप मच गया है। नेवी अधिकारी को कोरोना वैक्सीन की एक भी डोज नहीं लगी है। डुमना एयरपोर्ट पर 12 दिसंबर को सैंपल लिया गया था। आठ दिन बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सतर्क
संक्रमण की पुष्टि होने पर अधिकारी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल के कोविड वार्ड में भर्ती किया गया है। इसके अलावा सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए दिल्ली भी भेजा गया है। वहीं परिवार के लोग आइसोलेट हो गए हैं। विमान के सहयात्रियों की जानकारी निकाली जा रही है। ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है।
तुर्की से दोहा व मुंबई होते हुए पहुंचे थे जबलपुर
जानकारी के मुताबिक साईं कालोनी संजीवनी नगर निवासी तेजस्वी पलिया 21 वर्ष मर्चेंट नेवी में हैं। प्रशिक्षण के लिए वह तुर्की गए थे। तुर्की से दोहा व मुंबई होते हुए वे जबलपुर पहुंचे थे। तेजस्वी पलिया को चार दिन से सर्दी-जुकाम है। सैंपल की रिपोर्ट 20 दिसंबर को आई। तेजस्वी के घर में कुल चार सदस्य हैं। एहतियात के तौर पर उनका भी कोरोना टेस्ट करवाया जा रहा है। वहीं जिस विमान से वे जबलपुर पहुंचे थे, उसमें सवार अन्य यात्रियों को अलर्ट किया जा रहा है।