मेरठ में खौफनाक साजिश का खुलासा:पत्नी ने ड्राइवर प्रेमी के साथ मिलकर पति को डसवाया, 20 लाख के बीमा पर थी नजर

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। यहां एक व्यक्ति की मौत को पहले सांप के काटने से हुई घटना बताया गया, लेकिन पुलिस की गहन जांच में यह पूरा मामला एक सोची-समझी साजिश निकला। पुलिस ने खुलासा किया कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। हत्या के लिए जहरीले सांप का इस्तेमाल किया गया।
मेरठ के SSP अविनाश पांडे ने बताया कि 17 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली थी कि हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में रहने वाले अतुल पंवार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। शुरुआत में उनकी पत्नी दामिनी ने बताया था कि अतुल को सांप ने काट लिया था। इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हस्तिनापुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार शव को गांव भंडोरा ले गया। हालांकि, परिजनों को घटना संदिग्ध लगी और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए।
पुलिस को खटका- आखिर चादर में कैसे पहुंचा सांप?
पुलिस जांच के दौरान सबसे बड़ा सवाल यह था कि अगर अतुल की मौत सांप के काटने से हुई तो सांप उनके कंबल या चादर में कैसे पहुंचा? सामान्य तौर पर सांप अचानक किसी व्यक्ति के बिस्तर में जाकर नहीं काटता। इसी शक के आधार पर पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की।
जांच के लिए पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस का सहारा लिया। मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच की गई। इस दौरान पुलिस को पता चला कि अतुल की पत्नी दामिनी का स्कूल के ड्राइवर तुषार के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। जब पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन की जांच की तो कई अहम सुराग मिले। पुलिस को एक डिब्बे में बंद सांप की तस्वीर भी मिली, जिसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया।
UP की यह खबर भी पढ़ें: घर की चारदीवारी में रची गई खौफनाक योजना: जांच में सामने आई रिश्तों को शर्मसार करने वाली कहानी
इसलिए रची गई खौफनाक हत्या की साजिश
पुलिस के मुताबिक, अतुल पंवार अपनी पत्नी दामिनी के साथ कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल चलाते थे। यह स्कूल हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में रामलीला मैदान के पास स्थित था। दोनों वहीं रहते थे। अतुल और दामिनी ने साल 2019 में प्रेम विवाह किया था। लेकिन बाद में दामिनी का स्कूल के ड्राइवर तुषार के साथ प्रेम संबंध बन गया। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों ने अतुल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। पुलिस को पता चला कि अतुल ने नौकरी के दौरान करीब 20 लाख रुपए का बीमा कराया था। आरोपियों की नजर इसी बीमा राशि पर थी। दामिनी और तुषार ने योजना बनाई थी कि अतुल की मौत के बाद मिलने वाली बीमा रकम से वे अपना भविष्य बनाएंगे। तुषार ने दामिनी को भरोसा दिया था कि बीमा राशि मिलने के बाद वह अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे शादी कर लेगा।
पहले भी की गई थी अतुल को मारने की कोशिश
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अतुल को पहले भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी। एक बार बिना नंबर की कार से उन्हें कुचलने का प्रयास किया गया था। हालांकि, उस समय अतुल बच गए थे। पुलिस के अनुसार, दामिनी ने ही उन्हें शिकायत दर्ज कराने से रोक दिया था। उसने कहा था कि बिना नंबर की गाड़ी की रिपोर्ट कराने से कोई फायदा नहीं होगा।
UP की यह खबर भी पढ़ें: हापुड़ में पानी समझकर तेजाब पीने का मामला: पुलिस ने दर्ज की FIR, युवती का मेरठ के अस्पताल में चल रहा इलाज
नींद की गोलियां देकर सांप से कटवाया
पुलिस पूछताछ में आरोपी तुषार ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह और दामिनी काफी समय से एक-दूसरे के संपर्क में थे और दोनों ने मिलकर अतुल की हत्या की योजना बनाई थी। योजना के अनुसार, घटना से एक रात पहले अतुल को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर दी गईं। जब वह गहरी नींद में चले गए तो तुषार ने अपने साथियों सोनू और उदय की मदद से जहरीला सांप मंगवाया। इसके बाद सांप को अतुल के कंबल में छोड़ दिया गया। सांप के काटने से अतुल की मौत हो गई और इसे हादसा दिखाने की कोशिश की गई।
चारों आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने किया मामले का खुलासा
मेरठ पुलिस ने इस पूरे मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें मृतक की पत्नी दामिनी, उसका प्रेमी तुषार और उनके दो सहयोगी सोनू और उदय शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, हत्या में मदद करने के बदले सोनू और उदय को 5 लाख रुपये देने की बात तय हुई थी। पुलिस की स्वाट टीम देहात और हस्तिनापुर थाना पुलिस ने मिलकर इस मामले का खुलासा किया।











