दमोह में कुएं में डूबने से मां और दो मासूम बच्चों की मौत, तीसरी बच्ची बची

दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र स्थित जमुनिया गांव में मंगलवार सुबह दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 28 वर्षीय महिला और उसके दो बच्चों की कुएं में डूबने से मौत हो गई, जबकि पांच साल की बेटी की जान बच गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। फिलहाल महिला के इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतका की पहचान मंजू, पति नेतराम उर्फ निजाम सिंह गौण (28) के रूप में हुई है। हादसे में उसकी चार वर्षीय बेटी अन्नू और तीन वर्षीय बेटे अनुज की मौत हो गई। वहीं, पांच वर्षीय बेटी आरुषि को सुरक्षित बचा लिया गया।
सुबह 4 बजे तीनों बच्चों के साथ घर से निकली थी महिला
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 4 बजे मंजू अपने तीनों बच्चों के साथ घर से निकली थी। इसके बाद वह घर से कुछ दूरी पर स्थित एक कुएं तक पहुंची। करीब आधे घंटे बाद प्रभात फेरी के लिए निकले ग्रामीणों ने एक बच्ची के चीखने की आवाज सुनी। आवाज सुनकर ग्रामीण कुएं के पास पहुंचे, जहां महिला और तीनों बच्चे पानी में डूबे मिले। ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों और अन्य लोगों को सूचना दी। इसके बाद सभी ने मिलकर चारों को कुएं से बाहर निकाला और पथरिया स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मंजू, अन्नू और अनुज को मृत घोषित कर दिया, जबकि आरुषि की जान बच गई।
सास ने बताया- सुबह मिली घटना की जानकारी
मृतका की सास अनूप रानी के मुताबिक, परिवार के लोग दूसरे कमरे में सो रहे थे। उन्हें घटना के बारे में पहले कोई जानकारी नहीं थी। सुबह पता चला कि उनकी बहू तीनों बच्चों के साथ कुएं में चली गई है। इस हादसे में बहू और दो बच्चों की मौत हो गई।
बची हुई बच्ची के बयान से मिली जानकारी
घटना में बची पांच वर्षीय आरुषि ने बताया कि उसकी मां ने पहले तीनों बच्चों को कुएं में धक्का दिया और फिर खुद भी कुएं में कूद गई। हालांकि, घटना की पूरी जानकारी जुटाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। बच्ची के बयान की पुष्टि भी जांच के दौरान की जाएगी।
पुलिस ने शुरू की जांच, घटना की वजह अब भी अज्ञात
घटना की सूचना मिलने के बाद पथरिया थाना प्रभारी महेंद्र जगेत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। पुलिस ने प्रारंभिक जानकारी और महिला के पति के बयानों के आधार पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि मृतका का पति मजदूरी करता है। पति के अनुसार, दोनों के बीच किसी विवाद की जानकारी नहीं है। परिवार के लोग भी फिलहाल घटना के पीछे की वजह नहीं बता पाए हैं। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल मां और दो बच्चों की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है।




















