धर्म

Makar Sankranti 2023 : मकर संक्रांति पर इन चीजों का दान करें… सुख, सौभाग्य बढ़ेगा; धन लाभ होगा

हिंदू धर्म में पौष माह की शुक्ल की द्वादशी तिथि को मकर संक्रांति का पर्व बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। इस दिन सूर्य देव धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करते हैं। इसलिए इसे मकर संक्रांति के नाम से जाना जाता है। इस दिन स्नान और दान करने का शास्‍त्रों में बहुत महत्व माना गया है। इस दिन तिल गुड़ खाना और तिल का दान करना सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। मान्यता है कि मकर संक्रांति के दिन किया गया दान इस जीवन में तो सुख समृद्धि लाता है, बल्कि कई जन्मों तक इसका पुण्‍य फल मिलता है। आइये जानते हैं मकर संक्रांति पर किन-किन चीजों का दान करना शुभ होता है।

तिल का दान

मकर संक्रांति को तिल संक्रांति भी कहा जाता है। इस दिन तिल का दान करना बहुत लाभ देता है। इससे शनि दोष दूर होता है। इसके अलावा इस दिन भगवान विष्णु, सूर्य और शनि देव की पूजा भी करनी चाहिए। मकर संक्रांति पर आप तिल और गुड़ से बनी खाने की वस्‍तुएं मंदिर में या फिर किसी जरूरतमंद को दान करें।

गुड़ का दान

ज्‍योतिष में गुड़ को गुरु ग्रह से जोड़कर देखा जाता है। मकर संक्रांति के हिसाब से भी गुड़ का दान करना शुभ माना गया है। इस अवसर पर गुड़ का दान करने से आपकी कुंडली में गुरु ग्रह की स्थिति मजबूत होती है। गुरु के मजबूत होने से जातकों को करियर में तरक्‍की हासिल होती है। जीवन में सौभाग्य, सुख-समृद्धि प्राप्‍त होती है।

खिचड़ी का दान

मकर संक्रांति के दिन खिचड़ी बनाने का बहुत महत्‍व है। मकर संक्रांति की खिचड़ी में चावल, उड़द की दाल और हरी सब्जियों का उपयोग किया जाता है। ये चीजें शनि, बुध, सूर्य और चंद्रमा से जुड़ी हुई हैं। इस दिन खिचड़ी खाना और दान करना इन सभी ग्रहों की कृपा दिलाता है।

घी का दान

मकर संक्रांति के पर्व पर घी का दान करना भी बहुत शुभ माना जाता है। क्योंकि घी को सूर्य और गुरु ग्रह से जोड़कर देखा जाता है। मकर संक्रांति का पर्व सूर्य की आराधना का पर्व है और ऐसी स्थिति में घी का दान करने से कुंडली में सूर्य और गुरु ग्रह मजबूत होंगे। यह दोनों ग्रह जीवन में सफलता सुख समृद्धि और मान सम्मान दिलाते हैं।

उड़द का दान

ज्‍योतिष में उड़द का संबंध शनि ग्रह से माना जाता है। मकर संक्रांति पर खिचड़ी का दान करने के अलावा उड़द का दान करने का विशेष महत्‍व होता है। आप मकर संक्रांति पर साबुत उड़द के साथ ही उड़द की दाल भी दान कर सकते हैं। ऐसा करने से जिन लोगों पर शनि की साढ़ेसाती या फिर ढैय्या चल रही है, उनको राहत मिल सकती है।

नमक का दान

ज्योतिष के अनुसार, मकर संक्रांति पर नमक के दान से नकारात्मक ऊर्जा का नाश होता है, इसलिए इस दिन नमक का दान करना चाहिए।

कंबल का दान

मकर संक्रांति के दिन गरीब व्यक्ति को कंबल का दान करें। ऐसा करने से आपकी कुंडली से राहु के अशुभ प्रभाव दूर होते हैं। मकर संक्रांति पर गरीब, असहाय, जरूरतमंद लोगों को काले रंग के कंबल का दान करें। इस बात का ध्‍यान रखें कि यह कंबल इस्‍तेमाल किया हुआ नहीं होना चाहिए।

मकर संक्रांति 2023 तिथि और मुहूर्त

हिंदू पंचांग के अनुसार, ग्रहों के राजा सूर्य 14 जनवरी 2023 की रात 8 बजकर 21 मिनट पर मकर राशि में गोचर करेंगे। उदया तिथि 15 जनवरी को प्राप्त हो रही है। ऐसे में मकर संक्रांति नए साल में 15 जनवरी 2023 को मनाई जाएगी। ऐसे में कुछ लोग 14 जनवरी को मनाएंगे, तो कुछ 15 जनवरी को।

  • पुण्य काल मुहूर्त- सुबह 06:47 से शाम 05:40 तक
  • महापुण्य काल मुहूर्त- सुबह 07:15 से सुबह 09:15 तक

जानकारी के मुताबिक, मकर संक्रांति के दिन पवित्र नदियों में स्नान करने और सूर्य देव की आराधना करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। मकर संक्रांति से सर्दियां खत्म होने लगती हैं और वसंत ऋतु की शुरुआत होती है।

(नोट: यहां दी गई सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है। हम मान्यता और जानकारी की पुष्टि नहीं करते हैं।)

धर्म से संबंधित अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button