Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मैहर जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो नदी में गिरी, कानपुर के दो लोगों की मौत

चित्रकूट थाना क्षेत्र में झूरी नदी के पास श्रद्धालुओं की बोलेरो पुल की रेलिंग तोड़कर नदी में गिर गई। हादसे में कानपुर के दो लोगों की मौत हो गई जबकि चार घायल हैं।
मैहर जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो नदी में गिरी, कानपुर के दो लोगों की मौत
मैहर जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो नदी में गिरी

कानपुर से मैहर स्थित मां शारदा के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो अनियंत्रित होकर झूरी नदी में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों, राहगीरों और पुलिस की मदद से सभी यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

पुल की रेलिंग तोड़कर नदी में गिरी बोलेरो

जानकारी के अनुसार हादसा चित्रकूट थाना क्षेत्र में झूरी नदी के पास तड़के करीब 3 बजे हुआ। बोलेरो में सवार सभी लोग कानपुर से मैहर में मां शारदा के दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान चालक को झपकी आने के कारण गाड़ी अनियंत्रित हो गई। बोलेरो पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नदी में जा गिरी। हादसे के वक्त अंधेरा होने के कारण राहत और बचाव कार्य में मुश्किलें आईं। गाड़ी नदी में गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग और वहां से गुजर रहे राहगीर मदद के लिए पहुंच गए।

ये भी पढ़ें: भोपाल के न्यू मार्केट में आग के बाद नगर निगम की कार्रवाई, 4 ट्रक सामान जब्त

स्थानीय लोगों और पुलिस ने चलाया बचाव अभियान

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने साहस दिखाते हुए नदी में उतरकर गाड़ी में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। इसी बीच पुलिस को भी हादसे की सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों की मदद से सभी छह यात्रियों को बाहर निकालकर जानकीकुंड अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को क्रेन की मदद से नदी से बाहर निकाला गया।

कानपुर के दो लोगों की मौत, चार घायल

अस्पताल में मृत घोषित किए गए लोगों की पहचान 50 वर्षीय सुनील गुप्ता, निवासी द्विवेदी नगर, कानपुर और 30 वर्षीय हिमांशु सिंह सेंगर, निवासी गंगापुर कॉलोनी, कानपुर के रूप में हुई है। हादसे में चार अन्य लोग घायल हुए हैं। इनमें 37 वर्षीय राजकुमार गुप्ता, निवासी हमीरपुर, 42 वर्षीय गोपाल तिवारी, 35 वर्षीय दीपक तिवारी और 35 वर्षीय राहुल पांडे, निवासी कानपुर शामिल हैं। सभी घायलों का जानकीकुंड अस्पताल में इलाज चल रहा है।

ये भी पढ़ें: फोटो के चक्कर में गई जान! इंस्टाग्राम रील देखकर तेलंगाना की खदान पहुंचे छात्र की डूबने से मौत

पुलिस ने शुरू की जांच

चित्रकूट थाना प्रभारी नीलेश तिवारी ने फोन पर बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। राहगीरों और पुलिस की मदद से सभी यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।

Dr. Sumit  Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts