
भोपाल। मध्य प्रदेश में पटवारी भर्ती परीक्षा में धांधली को लेकर जारी प्रदर्शन अब हिंसक हो गया है। वहीं अब छात्रों को कांग्रेस का समर्थन मिल रहा है। शनिवार दोपहर को सीएम हाउस का घेराव करने निकले कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पर पुलिस ने वॉटर कैनन का उपयोग किया, प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने की कोशिश की। इसी दौरान मची भगदड़ में महक राणा नामक एक महिला कार्यकर्ता का सिर फूट गया। उसे एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया।
वहीं भोपाल शहर जिलाध्यक्ष को आंख के नीचे गंभीर चोट आई है। कुछ अन्य कार्यकर्ताओं को भी हल्की चोटें आईं। पुलिस की इस कार्रवाई के विरोध में विधायक पीसी शर्मा सहित कई कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए।
पुलिस और कांग्रेसियों के बीच हुई बहस
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास के घेराव का ऐलान किया। दोपहर डेढ़ बजे रोशनपुरा चौराहे पर बड़ी संख्या में कांग्रेसी एकत्रित हुए। यहां सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं सीएम हाउस का घेराव करने निकले तो पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर उन्हें बाणगंगा चौराहा पर ही रोक लिया। इसे लेकर कांग्रेसियों व पुलिस के बीच जमकर बहस हुई। प्रदर्शनकारियों ने लगाए शिवराज और प्रदेश के मामा मुर्दाबाद के नारे। इतना ही नहीं कांग्रेसियों ने कर्मचारी चयन मंडल का खत्म करने की मांग की।
#भोपाल : #पटवारी_भर्ती_परीक्षा में घोटाले को लेकर #कांग्रेस का प्रदर्शन, महिला कार्यकर्ता का सिर फूटा, शहर जिलाध्यक्ष की आंख के नीचे आई गंभीर चोट, कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को वॉटर कैनन से खदेड़ा, देखें #VIDEO #PatwariScam2023 #PatwariExamGhotala #PatwariScam… pic.twitter.com/aosJpw5oMZ
— Peoples Samachar (@psamachar1) July 15, 2023
पीसी शर्मा ने लगाया लाठीचार्ज का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, तो पुलिस ने वॉटर कैनन चलाकर सभी को खदेड़ दिया। इधर, कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार के कहने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है, जिसमें हमारे कई कार्यकर्ता को गंभीर चोट आई है। जबकि, पुलिस का कहना है कि लाठीचार्ज नहीं किया सिर्फ वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया गया है।
ये भी पढ़ें: MP: दिनभर चले विवाद के बाद शाम को फैसला, CM शिवराज ने पटवारियों की नियुक्तियों पर लगाई रोक