अंतर्राष्ट्रीय

स्वीडन के स्वंते पाबो को मेडिसिन के लिए नोबेल प्राइज से नवाजा, जानें क्यों मिला यह पुरस्कार

स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम स्थित करोलिंस्का संस्थान में सोमवार को नोबेल पुरस्कार की घोषणा हो गई है। स्वीडन के वैज्ञानिक स्वंते पाबो (Svante Pääbo) को फिजियोलॉजी/मेडिसिन के लिए नोबेल प्राइज (Nobel Prize) से सम्मानित किया गया है। उन्हें ये पुरस्कार साल 2022 के लिए विलुप्त हो चुके निएंडरथल मानव के जीनोम का सीक्वेंस तैयार करने के लिए मिला है।

स्वीडिश जेनेटिस्ट हैं स्वंते पाबो

स्वंते पाबो एक स्वीडिश जेनेटिस्ट हैं। जो विकासवादी आनुवंशिकी के क्षेत्र में विशेषज्ञता रखते हैं। पैलियोजेनेटिक्स के संस्थापकों में से एक के रूप में, उन्होंने निएंडरथल जीनोम पर बड़े पैमाने पर काम किया है। पुरस्कार की घोषणा करते हुए नोबेल पुरस्कार समिति ने कहा कि अपने अग्रणी शोध के माध्यम से, स्वंते पाबो ने कुछ ऐसा किया है जो असंभव सा प्रतीत होता है। निएंडरथल के जीनोम को अनुक्रमित करना, जो वर्तमान मनुष्यों के विलुप्त रिलेटिव हैं। उन्होंने पहले अज्ञात होमिनिन, डेनिसोवा की सनसनीखेज खोज भी की।

नोबेल पुरस्कार की स्थापना कब हुई ?

नोबेल पुरस्कार की स्थापना 1895 में हुई। इन पुरस्कारों को वैज्ञानिक और इन्वेंटर अल्फ्रेड बर्नहार्ड नोबेल की वसीयत के आधार पर दिया जाता है। 1901 में पहली बार नोबेल पुरस्कार दिए गए। शुरुआत में केवल फिजिक्स, मेडिसिन, केमिस्ट्री, साहित्य और शांति के क्षेत्र में ही नोबेल दिया जाता था। बाद में इकोनॉमिक्स के क्षेत्र में भी नोबेल दिया जाने लगा। दुनियाभर के 975 शख्सियत और संस्थानों को 609 नोबेल पुरस्कार मिल चुके हैं।

विजेताओं को क्या मिलता है ?

प्रत्येक क्षेत्र के नोबेल के तहत विजेताओं को एक स्वर्ण पदक और एक प्रमाणपत्र के साथ एक करोड़ स्वीडीश क्रोनोर (लगभग नौ लाख डॉलर) की पुरस्कार राशि दी जाती है। विजेताओं का सम्मान हर साल 10 दिसंबर को किया जाता है। 1896 में 10 दिसंबर की तारीख को ही एल्फ्रेड नोबेल का निधन हुआ था।

अब तक दिए जा चुके हैं 609 पुरस्कार

1901 से 2021 तक अलग-अलग क्षेत्रों में कुल 609 बार नोबेल पुरस्कार प्रदान किए जा चुके हैं। नियाभर में हजारों लोग नोबेल पुरस्कार के लिए नामांकन जमा करने के पात्र हैं। इनमें विश्वविद्यालयों के प्रोफेसर, कानूनविद, पूर्व नोबेल पुरस्कार विजेता और खुद नोबेल समिति के सदस्य शामिल हैं। हालांकि, नामांकन को 50 वर्षों तक गुप्त रखा जाता है, लेकिन जो लोग उन्हें जमा करते हैं, वे कभी-कभी सार्वजनिक रूप से अपनी सिफारिशों की घोषणा करते हैं, खासकर नोबेल शांति पुरस्कार के संबंध में।

कब होगी नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा ?

इस घोषणा के बाद मंगलवार को भौतिकी के लिए नोबेल पुरस्कार, बुधवार को रसायन विज्ञान और गुरुवार को साहित्य का नोबेल पुरस्कार दिया जाएगा। नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा शुक्रवार को होगी और अर्थशास्त्र पुरस्कार की घोषणा 10 अक्टूबर को होगी।

अन्य अंतर्राष्ट्रीय खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button