
ग्वालियर। शुक्रवार रात केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर एक दिवसीय दौरे पर ग्वालियर पहुंचे, जहां स्टेशन पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। आज कर्नाटक चुनाव परिणाम को लेकर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि कर्नाटक के रिजल्ट का सभी लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मुझे लगता है भारतीय जनता पार्टी ने बहुत अच्छी मेहनत की है। भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने में सफल होगी। उन्होंने कहा कि आज परिणाम आने वाले हैं और बीजेपी पूरी तरह से अस्वस्थ है कि हमारी ही सरकार बन रही है।
जयराम रमेश के बयान पर नरेंद्र सिंह तोमर का पलटवार
इसके साथ ही कांग्रेस नेता जयराम रमेश के बयान, जिसमें उन्होंने कहा था कि कर्नाटक में कांग्रेस की जीत 2024 में कांग्रेस के दरवाजे खोलेगी; इस पर केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने पलटवार करते हुए कहा कि किसी भी रिजल्ट से आगे के चुनाव का अंदाजा लगाना यह तो दिवास्वप्न है। लोकतंत्र में सबको अपनी बात कहने का अधिकार है, लेकिन 2024 क्लियर है, यह भारत की जनता कह रही है।
सचिन पायलट निभा रहे विपक्ष की भूमिका!
सचिन पायलट के द्वारा दिए गए बयान जिसमें उन्होंने कहा था कि बीजेपी विपक्ष की भूमिका भी नहीं निभा पा रही है। इस पर नरेंद्र सिंह तोमर बोले कि सचिन पायलट को इसलिए ऐसा लग रहा है कि बीजेपी विपक्ष की भूमिका नहीं निभा पा रही है, क्योंकि सचिन पायलट भी विपक्ष की भूमिका ही निभा रहे हैं।
नरेंद्र सिंह तोमर ने कमलनाथ पर कसा तंज
कमलनाथ के अंचल दौरे पर नरेंद्र सिंह तोमर ने तंज कसते हुए कहा कि आने दो मध्य प्रदेश में, सबको आने-जाने का अधिकार है।
MP में हो रही चीतों की मौत पर कही ये बात
चीतों की मौत और उनके शिफ्टिंग की चर्चाओं पर नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि ऐसा नहीं है, स्वाभाविक रूप से कई बार मृत्यु किसी की भी होती है। उसके अपने कारण होते हैं- बीमारी है, परिस्थितियां हैं। डॉक्टर लोग उस पर ध्यान दे रहे हैं, वन विभाग के लोग चिंता कर रहे हैं।
गौरतलब है कि केंद्रीय कृषि मंत्री शुक्रवार रात 11 बजे दिल्ली से ग्वालियर आए, जहां रेलवे स्टेशन पर उनके समर्थक, कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जोरदार स्वागत किया। केंद्रीय कृषि मंत्री आज दिन भर ग्वालियर में रहेंगे और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक लेंगे। साथ ही अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उसके बाद केंद्रीय मंत्री तोमर अपने संसदीय क्षेत्र मुरैना पहुंचेंगे, जहां पर वह कार्यकर्ताओं के साथ बैठक लेंगे और उसके बाद रात में दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
#ग्वालियर : केंद्रीय कृषि मंत्री #नरेंद्र_सिंह_तोमर ने #कर्नाटक के नतीजों को लेकर कहा- रिजल्ट का सभी लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।मुझे लगता है #भारतीय_जनता_पार्टी ने बहुत अच्छी मेहनत की है।भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने में सफल होगी।@nstomar @BJP4MP… pic.twitter.com/5pUTNcbJbD
— Peoples Samachar (@psamachar1) May 13, 2023
(इनपुट – हेमंत नागले)