भोपाल :हबीबगंज थाने में वकीलों का घेराव, होटल के खिलाफ बासी सब्जी की शिकायत की थी, पुलिस ने वकील पर ही कर दी FIR

एडवोकेट सिकंदर सिंह राजपूत का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर होटल स्टाफ ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद वह शिकायत दर्ज कराने हबीबगंज थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने केवल आवेदन लेकर उन्हें वापस भेज दिया और कोई तत्काल कार्रवाई नहीं की।
हबीबगंज थाने में वकीलों का घेराव, होटल के खिलाफ बासी सब्जी की शिकायत की थी, पुलिस ने वकील पर ही कर दी FIR
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल के हबीबगंज थाना परिसर में शुक्रवार शाम उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब बड़ी संख्या में वकीलों ने थाने का घेराव कर दिया। वकील एक एडवोकेट के खिलाफ दर्ज की गई FIR का विरोध कर रहे थे और पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगा रहे थे। प्रदर्शनकारी वकीलों ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर एफआईआर को तुरंत निरस्त किया जाए।

    होटल ने नहीं बदली खराब सब्जी

    जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात एडवोकेट सिकंदर सिंह राजपूत हबीबगंज स्थित घर की रसोई नामक होटल में खाना खाने पहुंचे थे। वहां उन्हें जो सब्जी परोसी गई, वह उन्हें बासी और खराब लगी। एडवोकेट ने इस संबंध में होटल प्रबंधन से शिकायत की और खाना बदलने की बात कही। लेकिन होटल स्टाफ ने सब्जी खराब होने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।

    होटल स्टॉफ मारपीट पर उतरा- वकील

    एडवोकेट सिकंदर सिंह राजपूत का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर होटल स्टाफ ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद वह शिकायत दर्ज कराने हबीबगंज थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने केवल आवेदन लेकर उन्हें वापस भेज दिया और कोई तत्काल कार्रवाई नहीं की। वकील का कहना है कि उन्हें उम्मीद थी कि पुलिस उनकी शिकायत पर केस दर्ज करेगी, लेकिन अगले दिन जो हुआ उसने सभी को चौंका दिया।

    यह भी पढ़ें: MP News : पहले लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी दी, अब कर दिया जानलेवा हमला

    पुलिस की पक्षपात कार्रवाई से वकीलों में नाराजगी

    शुक्रवार दोपहर एडवोकेट को जानकारी मिली कि पुलिस ने होटल प्रबंधन की शिकायत पर उन्हीं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। इसे लेकर वकीलों में नाराजगी फैल गई। एडवोकेट का आरोप है कि न केवल पुलिस ने उनकी शिकायत को नजरअंदाज किया, बल्कि थाने में उनके साथ बदसलूकी भी की गई। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो पुलिस ने सिर्फ एक पक्ष की ओर से कार्रवाई करते हुए उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया।

    यह भी पढ़ें: तीर्थनगरी में हादसा : ओंकारेश्वर में झारखंड के श्रद्धालुओं की नाव नर्मदा नदी में पलटी, 10 को बचाया  

    वकीलों ने पुलिस पर लगाया एकतरफा कार्रवाई का आरोप

    एडवोकेट सौरभ स्थापक ने कहा कि हाल के दिनों में पुलिस लगातार वकीलों के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एडवोकेट सिकंदर सिंह राजपूत के मामले में भी बिना निष्पक्ष जांच किए कार्रवाई की गई। सौरभ स्थापक ने कहा कि यदि पुलिस प्रशासन एफआईआर निरस्त नहीं करता और निष्पक्ष जांच नहीं कराता, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

    Breaking News

    वकील- मांगे नहीं मानी गई तो प्रदेशभर में आंदोलन होगा

    वकीलों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो सिर्फ भोपाल ही नहीं, पूरे प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वकीलों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रदेशव्यापी प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। फिलहाल हबीबगंज थाना परिसर में देर शाम तक वकीलों का प्रदर्शन जारी रहा और पुलिस अधिकारियों से बातचीत का दौर चलता रहा।

    Aakash Waghmare
    By Aakash Waghmare

    आकाश वाघमारे | MCU, भोपाल से स्नातक और फिर मास्टर्स | मल्टीमीडिया प्रोड्यूसर के तौर पर 3 वर्षों का क...

    Latest Posts