राष्ट्रीय

Heat Wave Update : उफ्फ ये गर्मी… दिल्ली में टूटा 12 साल का रिकॉर्ड, देश के इन राज्यों में ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी

देश के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है और आने वाले दिनों में भी इससे राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। कई जगह अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक इस भीषण गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। IMD ने राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में गर्मी ने 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ा

दिल्ली में गर्मी ने शुक्रवार को 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। राष्ट्रीय राजधानी में 18 अप्रैल 2010 को अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। तब अप्रैल की 18 तारीख को पारा 43.7 तक पहुंचा था।

28 अप्रैल, 1979 के 44.8 डिग्री सेल्सियस के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ते हुए गुरुग्राम में 45.6 डिग्री सेल्सियस का अब तक का उच्चतम तापमान दर्ज किया गया।

MP से लेकर झारखंड तक गर्मी का कहर

मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत 18 राज्यों के 20 से ज्यादा शहरों में पारा 45 डिग्री से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है। इसमें 46 डिग्री के साथ UP का प्रयागराज टॉप पर है।

मध्य प्रदेश में खजुराहो (45.6 डिग्री सेल्सियस), नौगॉन्ग (45.6 डिग्री सेल्सियस) और खरगोन (45.2 डिग्री सेल्सियस); महाराष्ट्र में अकोला (45.4 डिग्री सेल्सियस), ब्रम्हापुरी (45.2 डिग्री सेल्सियस) और जलगांव (45.6 डिग्री सेल्सियस) और झारखंड के डाल्टनगंज (45.8 डिग्री सेल्सियस) तापमान रहा।

ये भी पढ़ें- Power Crisis : कोयले की कमी से दिल्ली में हो सकती है बत्ती गुल, मेट्रो-अस्पतालों की सेवा हो सकती है ठप्प!

इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

IMD के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में और अगले तीन दिनों तक पूर्वी भारत में लू का प्रकोप बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के लिए अगले चार दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

ये भी पढ़ें- Corona Virus: देश में 24 घंटों में डेढ़ गुना हुआ कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा, एक्टिव केस भी 17 हजार के पार

संबंधित खबरें...

Back to top button