भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चीतों की तर्ज पर अब किंग कोबरा को मध्यप्रदेश में बसाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि किंग कोबरा नहीं होने से बहुत नुकसान हो रहा है। इसके आने से यहां सर्पदंश की घटनाओं में कमी आएगी, ये ऐसे-वैसे सांपों को निगल जाता है। डिंडोरी जैसे जिले में प्रति वर्ष सर्पदंश से दो सौ लोग तक मारे जाते हैं। मुख्यमंत्री ने यह बात शुक्रवार को पंडित खुशीलाल आयुर्वेद महाविद्यालय सभागार में दो दिवसीय भारतीय वन सेवा (आईएफएस) मीट और वानिकी सम्मेलन के शुभारंभ सत्र को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी की सोच और काम का तौर-तरीका अद्भुत है। उन्होंने कहा कि वे (मोदी) सब देंगे, लेकिन लॉयन के मामले में समझौता नहीं करेंगे। लेकिन उनके पास गुजरात के लॉयन का गौरव है तो हमारे पास पन्ना का गौरव है।
प्रदेश का वन क्षेत्र समृद्ध है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के पन्ना जैसे क्षेत्र जहां वन्य जीवों की स्थिति शून्य हो गई थी, वहां भी वन अधिकारियों के प्रयासों के परिणामस्वरूप वन्य जीवों की गतिविधियां पुन: आरंभ हुईं, यह अपनी सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है और वे बधाई के पात्र हैं। वर्तमान में प्रदेश के पास हीरा है, चीता है और अब तो गजराज भी मध्यप्रदेश का रुख कर रहे हैं। प्रदेश का वन क्षेत्र समृद्ध है। वर्ष 2003 से 2021 के मध्य वन क्षेत्र में 1,063 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि हुई है।
बेटी की रिसर्च में मदद करना
मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेश यात्रा के दौरान यहां की एक बेटी मिली थी, वो विलुप्त हुए डायनासोर पर रिसर्च कर रही है। उसका कहना है कि जो डायनासोर नर्मदा के किनारे थे वही आस्ट्रेलिया में भी थे। उनका कहना था कि वन विभाग वाले यहां रिसर्च में अड़ंगा लगाते हैं। मैंने उसे आश्वासन दिया है कि अब कोई दिक्कत नहीं होगी, तो आप लोग उस बेटी की मदद करना। सीएम ने कार्यक्रम में आधा घंटे से अधिक समय दिया।
कागज के खिलौने को सांप बना देते हैं लोग
रातापानी टाइगर रिजर्व बनाने की बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसकी फाइल लंबे समय से चल रही थी। यह कहा जा रहा था कि इसे टाइगर रिजर्व बनाने से ये हो जाएगा, वो हो जाएगा। लोग कागज के खिलौने को सांप बना देते हैं, मैंने टाइगर रिजर्व बनाने के संबंध में निर्णय लिया। भोपाल देशभर की एक मात्र राजधानी है, जहां सड़क पर दिन के नागरिक और रात में टाइगर चलते हैं। कार्यक्रम में वन राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, एसीएस वन अशोक वर्णवाल, वन बल प्रमुख असीम श्रीवास्तव और आईएफएस एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ.बीएस अन्निगेरी मौजूद थे।
मीना कुमारी सीएफ बनीं, राखी नंदा मुख्य वन संरक्षक
राज्य शासन ने शुक्रवार को उप वन संरक्षक से वन संरक्षक और सीएफ से सीसीएफ पद पर प्रमोशन करते हुए आदेश जारी किए हैं। इनमें उप वन संरक्षक से वन संरक्षक पद पर मीना कुमारी मिश्रा कार्य आयोजना इकाई शिवपुरी, अनुराग कुमार कार्य आयोजना रीवा और संध्या कार्य आयोजना बालाघाट हैं। वहीं सीएफ से सीसीएफ पद पर राखी नंदा क्षेत्र संचालक सतपुड़ा टाइगर रिजर्व नर्मदापुरम, राजेश खरे भोपाल वन वृत्त, संजीव झा मध्यप्रदेश राज्य लघु वनोपज संघ भोपाल, एपीएस सेंगर बालाघाट वन वृत्त, राजेश कुमार राय रीवा वन वृत्त, रमेश गणावा खंडवा वन वृत्त और एमआर बघेल उज्जैन वन वृत्त को प्रमोशन मिला है।