कलेक्टर ने की राजस्व कार्यों की समीक्षा, लंबित प्रकरणों के जल्द निराकरण के निर्देश

खिलचीपुर। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने अधिकारियों को लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राजस्व कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर तहसीलदार जीरापुर वर्मा, तहसीलदार खिलचीपुर अनिल शर्मा और तहसीलदार नरसिंहगढ़ अनाग्रिका को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। स्वामित्व योजना के लंबित मामलों में संबंधित पटवारियों की एक-एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए गए।
राजस्व कार्यों में प्रगति नहीं होने पर नाराजगी
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत सेल्फ रजिस्ट्रेशन के अप्रूवल में लंबित मामले पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। राजस्व कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर तीन तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं, किला अमरगढ़ में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर सोनाली डावर के बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर भी कलेक्टर ने नाराजगी जताई और कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें: दिल्ली: सत्य निकेतन में गिरी इमारत, 20 से 25 लोगों के फंसे होने की आशका; रेस्क्यू जारी
स्वामित्व योजना के मामलों में कार्रवाई
स्वामित्व योजना की समीक्षा के दौरान तहसील खिलचीपुर के ग्राम भूमरिया और तहसील नरसिंहगढ़ के ग्राम बड़ोदिया तालाब में प्रकरण लंबित पाए गए। इस पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने संबंधित पटवारियों की एक-एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना के प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए और अनावश्यक रूप से मामले लंबित न रहें।
साइबर तहसील और सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने साइबर तहसील में पटवारियों की रिपोर्ट लंबित होने पर भी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि साइबर तहसील से जुड़े प्रकरणों में पटवारियों की रिपोर्ट समय-सीमा में प्रस्तुत कर लंबित मामलों का जल्द निराकरण सुनिश्चित किया जाए। सीएम हेल्पलाइन में राजस्व विभाग से संबंधित 100 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों की समीक्षा कर प्राथमिकता से निराकरण करने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए।
नामांतरण, सीमांकन और अतिक्रमण के मामले लंबित
बैठक में नामांतरण और बंटवारा, निजी भूमि पर अवैध कब्जे, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के पंजीयन और राशि भुगतान, भू-अर्जन और मुआवजा, भूमि सीमांकन तथा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। अधिक संख्या में मामले लंबित पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित रीडरों को लंबित प्रकरणों का जल्द निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें: गुना में नशा तस्कर गिरफ्तार, सूचना पर पुलिस की रेड; 258 ग्राम स्मैक और बाइक जब्त
रिकॉर्ड दुरुस्ती के मामलों में भी तेजी के निर्देश
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने राजस्व न्यायालयों में लंबे समय से बिना किसी गतिविधि के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। न्यायालय तहसीलदार, तहसील राजगढ़, न्यायालय तहसीलदार, तहसील नरसिंहगढ़ तथा न्यायालय नायब तहसीलदार, भोजपुर, तहसील खिलचीपुर में लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।




















