इंदौरताजा खबरमध्य प्रदेश

Khargone Bus Accident : सरकार ने दिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, PM मोदी और राष्ट्रपति ने हादसे पर जताया दुख

खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन में मंगलवार का एक बड़ा हादसा हो गया। बस अनियंत्रित होकर बोराड़ नदी के पुल की रेलिंग तोड़कर 50 फीट नीचे जा गिरी। नदी सूखी हुई थी। इस हादसे में अब तक 22 यात्रियों की मौत होने की पुष्टि हो चुकी है। जबकि, 30 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।

मृतकों में 3 बच्चे और करीब 9 महिलाएं और 10 पुरुष शामिल हैं। वहीं मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि इस घटना के मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। वहीं मृतकों परिजनों को 6-6 लाख की आर्थिक सहायता राशि दी जाएगी।

ग्रामीणों ने बस के कांच तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला।

राष्ट्रपति ने व्यक्त की शोक-संवेदनाएं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट कर खरगोन बस हादसे पर दुख जताया। उन्होंने लिखा- खरगोन, मध्यप्र देश में हुए बस हादसे में कई लोगों के हताहत होने की खबर से मुझे अत्यंत दुख हुआ है। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं गहन शोक-संवेदनाएं व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

प्रधानमंत्री ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा, खरगोन में हुआ सड़क हादसा अत्यंत दुखद है। इसमें जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी शोक-संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन मौके पर हरसंभव मदद में जुटा है।

मृतकों परिजनों को 6 लाख की आर्थिक मदद

मध्य प्रदेश सरकार खरगोन बस हादसे में मृत हुए लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देगी। गंभीर घायलों को 50 हजार और अन्य घायलों को 25 हजार रुपए सहायता राशि दी जाएगी। दुर्घटना में घायलों का सरकार मुफ्त इलाज कराएगी। वहीं सरकार ने बस हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। इधर, प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

सीएम शिवराज ने शोक व्‍यक्‍त किया

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खरगोन जिले के डोंगरगांव और दंसगा के बीच हुई बस दुर्घटना में लोगों के असामयिक निधन पर शोक व्‍यक्‍त किया एवं ईश्वर से दिवंगत आत्‍माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र पूर्णत: स्वस्थ होने की प्रार्थना की। साथ ही मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि, गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार, कम एवं साधारण घायलों को 25 हजार रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था मध्य प्रदेश सरकार द्वारा की जाएगी।

सीएम योगी ने भी जताया हादसे पर शोक

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर लिखा, मध्य प्रदेश के खरगोन में एक सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

नींद की झपकी से हुआ हादसा

दरअसल, इंदौर जा रही बस सुबह लगभग सवा नौ बजे जिला मुख्यालय से करीब 34 किलोमीटर दूर डोंगरगांव के समीप बोराड़ नदी की पुलिया की रेलिंग तोड़कर नीचे गिर गई। नदी में पानी नहीं था। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, ऐसा प्रतीत होता है कि ड्राइवर को नींद का झोंका आ गया था।

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

ग्रामीणों ने पुलिस के पहुंचने के पूर्व ही पलटी हुई बस को अपने संसाधनों से खड़ा कर दिया और कई घायल यात्रियों को बचाया। लोगों ने अपने-अपने वाहनों से घायलों को अस्पताल भी पहुंचाया। जिला कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा और पुलिस अधीक्षक डीएस यादव समेत अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। बस में 50 से अधिक यात्री थे।

ये भी पढ़ें: खरगोन में बड़ा हादसा : 50 फीट ऊंचे पुल से बोराड़ नदी में गिरी बस, तीन बच्चों सहित 22 लोगों की मौत; सीएम शिवराज ने जताया दुख

संबंधित खबरें...

Back to top button