इंदौरताजा खबरमध्य प्रदेश

खरगोन में बड़ा हादसा : 50 फीट ऊंचे पुल से बोराड़ नदी में गिरी बस, तीन बच्चों सहित 22 लोगों की मौत; सीएम शिवराज ने जताया दुख

खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। बोराड़ नदी के पुल से बस अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। इस हादसे में तीन बच्चों सहित 22 लोगों की मौत हो गई है। जबकि, 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस-प्रशासन के अधिकारी और ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया। आईजी ग्रामीण राकेश गुप्ता द्वारा घटना की पुष्टि की गई। बताया जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

50 फीट ऊंचे पुल से नीचे गिरी बस

जानकारी के मुताबिक, हादसा खरगोन ठीकरी रोड पर ग्राम दसंगा में हुआ है। जहां बोराड़ नदी के 50 फीट ऊंचे पुल से मां शारदा ट्रेवल्स की बस अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरी है। बताया जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। बोराड़ नदी सूखी है, इसके कारण बस में सवार लोग चोटिल हो गए। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। सूचना मिलने के बाद कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा घटनास्थल पर पहुंचे।

नींद की झपकी से हुआ हादसा

दरअसल, इंदौर जा रही बस सुबह लगभग 9.15 बजे जिला मुख्यालय से करीब 34 किलोमीटर दूर डोंगरगांव के समीप बोराड़ नदी की पुलिया की रेलिंग तोड़कर नीचे गिर गई। नदी में पानी नहीं था। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, ऐसा प्रतीत होता है कि ड्राइवर को नींद का झोंका आ गया था।

सीएम शिवराज ने जताया दुख

खरगोन में हुई बस दुर्घटना में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शोक व्यक्त करते हुए ऐलान किया कि मृतकों के परिवारजनों को 4 लाख रुपए की सहायता राशि, गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार, कम एवं साधारण घायलों को 25 हजार की सहायता राशि मिलेगी। दुर्घटना में घायलों का सरकार मुफ्त इलाज कराएगी। इधर, प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

संबंधित खबरें...

Back to top button