Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कटनी में दधिकांदो महोत्सव की धूम, भगवान मुरली मनोहर की शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब

कटनी में दधिकांदो महोत्सव आस्था, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर से भगवान मुरली मनोहर की भव्य शोभायात्रा निकली। घंटाघर में मटकी फोड़, आकर्षक झांकियों, अखाड़ों के प्रदर्शन और राजस्थान की कठपुतली कला ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
कटनी में दधिकांदो महोत्सव की धूम, भगवान मुरली मनोहर की शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
कटनी में सुभाष चौक पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई।

कटनी। दधिकांदो महोत्सव के अवसर पर रविवार को शहर में आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। शाम होते ही पूरा शहर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर नजर आया। श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर से भगवान श्री मुरली मनोहर की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। शोभायात्रा में ढोल-ताशों की गूंज, धार्मिक जयघोष और रंग-बिरंगी झांकियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। विभिन्न मार्गों से होकर आगे बढ़ी शोभायात्रा का सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों और नागरिकों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। श्रद्धालुओं के लिए कई स्थानों पर प्रसाद, जलपान और पेयजल की व्यवस्था भी की गई।

घंटाघर में मटकी फोड़ ने बांधा समां 

दधिकांदो महोत्सव का प्रमुख आकर्षण घंटाघर में आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम रहा। ऊंचाई पर बांधी गई मटकी को फोड़ने के लिए युवाओं ने मानव पिरामिड बनाया। जैसे ही युवाओं की टीम मटकी तक पहुंची और उसे फोड़ा, पूरा परिसर **‘जय श्रीकृष्ण’** के जयकारों और तालियों से गूंज उठा। इस रोमांचक आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग घंटाघर परिसर में मौजूद रहे।

झांकियों और अखाड़ों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन 

शोभायात्रा में दो दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजे बच्चों ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। विभिन्न शहरों से आए कलाकारों और अखाड़ों ने भी अपनी कला का प्रदर्शन किया। डमरू-ताशा दल, शिव तांडव की प्रस्तुति, राजस्थान की कठपुतली कला और अखाड़ों के कलाकारों के व्यायाम प्रदर्शन ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। बाबा भोलेनाथ के डमरू नृत्य की प्रस्तुति पर श्रद्धालु देर तक झूमते नजर आए।

ये भी पढ़ें: ₹90 लाख की नौकरी छोड़ जुनून के पीछे चला युवक, अब ₹1.44 करोड़ का दावा, जानें कैसे शुरू किया बिजनेस

रुई बाजार में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाया उत्साह 

शोभायात्रा के रुई बाजार पहुंचने पर उत्साह और बढ़ गया। यहां आयोजित मंचीय कार्यक्रम में राजस्थान से आए कलाकारों ने कठपुतली नृत्य की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। आयोजन समिति की ओर से विभिन्न प्रस्तुतियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार भी प्रदान किए गए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने देर तक लोगों को बांधे रखा और महोत्सव का माहौल भक्तिमय बना रहा।

रथ पर विराजे भगवान गोपाल, सुख-समृद्धि की कामना 

शोभायात्रा के समापन पर भगवान गोपाल जी को भव्य रूप से सजाए गए रथ पर विराजमान किया गया। रथ के दर्शन के लिए श्रद्धालु रास्तेभर खड़े रहे और भगवान के समक्ष हाथ जोड़कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान कटनी शहर में भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा। दधिकांदो महोत्सव ने शहरवासियों को भक्ति, संस्कृति और सामुदायिक सहभागिता से जोड़ने का संदेश भी दिया। 

ये भी पढ़ें: 60 क्विंटल फूलों से सजा बाबा महाकाल का दरबार, आज निकलेगी राजसी सवारी; लाखों श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब

Ajay Sharma
By Ajay Sharma

Latest Posts