राष्ट्रीय

कानपुर में इलेक्ट्रिक बस ने 17 वाहनों को मारी टक्कर, हादसे में 6 लोगों की मौत; राष्ट्रपति ने जताया शोक

उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में रविवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। घंटाघर से टाटमिल चौराहे की ओर जा रही एक इलेक्ट्रिक बस ने अनियंत्रित होकर 17 वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 9 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

कैसे हुआ हादसा ?

कानपुर पूर्व के पुलिस उपायुक्त (DCP) प्रमोद कुमार ने बताया कि टाटमिल चौराहे के पास बस के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया था। जिससे बस, कारों, मोटरसाइकिलों और पैदल चलने वालों को रौंदते हुई आगे निकल गई।

बस ड्राइवर की तलाश जारी

कानपुर पूर्व के पुलिस उपायुक्त (DCP) के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस सेवा को तत्काल भेजा गया। उन्होंने बताया कि घटना में तीन गाड़ियां और कई बाइक क्षतिग्रस्त हुई हैं। वहीं आसपास रहने वाले लोगों को भी चोटें आई हैं। जिनका इलाज अभी चल रहा है। फिलहाल बस ड्राइवर की तलाश की जा रही है।

कानपुर सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत।

राष्ट्रपति ने जताया शोक

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इस घटना पर ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है। लिखा- कानपुर में हुई बस दुर्घटना में कई लोगों के हताहत होने की खबर से अत्यंत दुःख हुआ है। इस घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदनाएं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर लिखा- कानपुर में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। परमपिता दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोक संतप्त परिजनों को ये अथाह दुःख सहने की शक्ति दें। घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने हेतु प्रशासन को निर्देश दे दिए गए हैं।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर जताया दुख। लिखा- कानपुर में हुई बस दुर्घटना में कई लोगों के हताहत होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा- कानपुर में हुआ सड़क हादसा बेहद दुखद है। जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उन्हें मेरी शोक संवेदनाएँ। घायलों के शीघ्र ठीक होने की कामना करता हूं। कांग्रेस साथियों से अपील है कि हर संभव मदद करें।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया। लिखा- कानपुर से सड़क हादसे का बहुत ही दुखद समाचार प्राप्त हुआ। मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि घायलों को जल्द स्वास्थ्य लाभ मिले।

राष्ट्रीय की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button