
रांची। झारखंड में जेएमएम को बड़ा झटका लगा है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी और विधायक सीता सोरेन ने मंगलवार (19 मार्च) को भाजपा का दामन थाम लिया है। दिल्ली में विनोद तावड़े ने उन्हें बीजेपी मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान सीता सोरेन ने कहा कि झारखंड के महान सोरेन परिवार को छोड़कर मोदी जी के विशाल परिवार में शामिल हो रही हूं।
आज सुबह ही उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। वह दुमका की जामा विधानसभा सीट से तीन बार विधायक रह चुकी हैं।
झारखंड को झुकाना नहीं बचाना है : सीता सोरेन
सीता सोरेन ने बीजेपी में शामिल होने के बाद कहा कि, मोदी जी पर लोगों के विश्वास को देखते हुए इस परिवार में शामिल हो रही हूं। मैंने भी झारखंड में कई संघर्ष किया। 14 साल जेएमएम में रहीं। आज झारखंड की जनता बदलाव चाहती है। झारखंड को झुकाना नहीं बचाना है, इसलिए मैं मोदी जी के महापरिवार में शामिल हुई हूं। आने वाले दिनों में सभी 14 सीटों में कमल खिलेगा।
#WATCH | Delhi: Former JMM MLA and sister-in-law of former Jharkhand CM Hemant Soren- Sita Soren joins BJP. pic.twitter.com/HiG9Nlsm8I
— ANI (@ANI) March 19, 2024
सीता सोरेन का छलका दर्द – मेरी कोई सुनने वाला नहीं है
जेएमएम केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन को लिखे पत्र में सीता सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। पत्र में उन्होंने कई बड़ी बातें की। सीता सोरेन ने पत्र में लिखा, ‘दुखी मन से मैं पार्टी से इस्तीफा दे रही हूं। मेरे पति स्व दुर्गा सोरेन ने पार्टी के लिए कई त्याग और बलिदान दिए। लेकिन मेरी कोई सुनने वाला नहीं है।’
बता दें कि ईडी द्वारा हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद झारखंड के नए मुख्यमंत्री के चयन को लेकर लगातार बैठक और चर्चा चल रही थी। तब सीता सोरेन ने सीएम पद के लिए दावा ठोंका था लेकिन पार्टी ने सीएम पद के लिए चंपई सोरेन को चुना। इसी के बाद से सीता सोरेन लंबे समय से नाराज चल रही थीं।
मेरे परिवार के खिलाफ गहरी साजिश रची जा रही है
सीता सोरने ने पत्र में आगे कहा, ‘मेरे परिवार के खिलाफ गहरी साजिश रची जा रही है। मैंने उम्मीद की थी कि समय के साथ स्थितियां सुधरेंगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। गुरुजी बाबा ने हम सभी को एकजुट रखने के लिए कठिन परिश्रम किया। अफसोस कि उनके अथक प्रयास के बावजूद यह नहीं हुआ।