जशपुर :100 फीट ऊंचे टावर पर महिला ने लगाई फांसी, फोन पर सुसाइड के वीडियो देखे थे, जांच शुरू

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में मंगलवार सुबह एक 22 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आया। घटना कुनकुरी थाना क्षेत्र की है, जहां महिला थाना परिसर के पास स्थित एक मोबाइल टावर के ऊपर पहुंच गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। मृतका की पहचान निलिमा लकड़ा के रूप में हुई है, जो धुमाडांड गांव की रहने वाली थी।
घटना से पहले पुलिस को किया था कॉल
जानकारी के मुताबिक, महिला ने घटना से पहले डायल-112 पर कॉल कर अपनी परेशानी पुलिस को बताई थी। कॉल के दौरान उसे समझाने की कोशिश भी की गई थी। कुछ समय बाद उसके टावर पर होने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर महिला को शांत करने और सुरक्षित नीचे लाने की कोशिश की। बचाव दल ने बातचीत के जरिए समय लेने का प्रयास भी किया, लेकिन स्थिति नियंत्रण में नहीं आ सकी।
यह भी पढ़ें: BJP विधायक पुरंदर मिश्रा से साइबर ठगी : ठग ने नितिन नबीन का PA बनकर किया कॉल, ऐंठे 10 हजार रुपए; FIR दर्ज
परिवार बोला- मानसिक तनाव में थी
परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, निलिमा पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले वह अपनी 4 साल की बेटी से जुड़े दस्तावेजी काम के लिए इधर-उधर भटक रही थी। वह अपनी मां के साथ अस्पताल भी गई थी, जहां से अचानक लापता हो गई। परिवार उसकी तलाश कर रहा था। इसी बीच मंगलवार तड़के उसकी लोकेशन और पुलिस कॉल की जानकारी सामने आई।
घंटों चला रेस्क्यू अभियान
घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस, नगर सेना, डीडीआरएफ और नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंच गई। करीब 3 से 4 घंटे तक बचाव अभियान चला। इलाके में बड़ी संख्या में लोग भी जमा हो गए थे।
मौके पर एएसपी राकेश पटनवार, एसडीएम नंद जी पांडे और एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। बाद में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
क्या है पूरा मामला?
जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक 22 वर्षीय महिला ने टॉवर पर चढ़कर सुसाइड कर लिया। मृतका की पहचान निलिमा लकड़ा के रूप में हुई है, जो धुमाडांड गांव की रहने वाली थी। वहीं परिजनों के अनुसार, निलिमा ने घर से निकलने के बाद फोन पर बताया था कि वह धुमाडांड से करीब 6 किलोमीटर दूर कुनकुरी में है, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी।
मंगलवार तड़के उसने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को अपनी स्थिति और परेशानी की जानकारी दी। कुछ समय बाद वह थाना परिसर के सामने स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस, नगर सेना, डीडीआरएफ और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने उसे समझाने और सुरक्षित नीचे लाने की कोशिश की, लेकिन प्रयास सफल नहीं हो सके। बाद में शव को टावर से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ शराब घोटाला : रिटायर्ड IAS निरंजन दास को सुप्रीम कोर्ट से जमानत, 30 करोड़ कमीशन लेने का आरोप
पुलिस ने दी जानकारी
जशपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि निलिमा मानसिक बीमारी से जूझ रही थी और पहले भी आत्महत्या की कोशिश कर चुकी थी। पुलिस के मुताबिक, उसकी मां पुष्पा लाकड़ा ने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से मोबाइल फोन पर आत्महत्या से जुड़े वीडियो देख रही थी।
एएसपी ने कहा कि पुलिस घटना से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है और अधिक जानकारी जुटाने के लिए परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए थे। पुलिस ने लोगों को इस घटना के वीडियो और सोशल मीडिया रील्स बनाने से भी रोका। फिलहाल मामले की जांच जारी है।











