अंतर्राष्ट्रीय

कांगो में नाव पलटने से 100 से अधिक लोग डूबे, 51 शव बरामद, 39 लोगों को सुरक्षित बचाया गया

नई दिल्ली। कांगो में शनिवार को नाव पलटने से 100 से अधिक लोग नदी में डूब गए। इनमें से अब तक करीब 51 लोगों की मौत हो चुकी है। मोंगाला प्रांत के गवर्नर के प्रवक्ता नेस्टर मैगबाडो ने बताया कि अब तक 51 शवों को बरामद कर लिया गया है, वहीं करीब 60 से ज्यादा लोग लापता हैं। 39 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। उन्होंने बताया कि नाव में यात्रियों के सवार होने से पहले उनकी गिनती नहीं की गई थी। उन्होंने कहा कि खोज और बचाव अभियान जारी है, लेकिन और बचे लोगों के मिलने की उम्मीदें कम होती जा रही हैं। प्रांतीय अधिकारियों ने सोमवार से कांगो में तीन दिन के शोक की घोषणा की है।

पहले भी डूब चुकी है नाव

मैगबाडो ने बताया कि कांगो में नाव दुर्घटनाएं होती रहती हैं। यहां नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार हो जाते हैं, जिससे नाव का संतुलन बिगड़ जाता है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान ज्यादातर लोग सेफ्टी जैकेट नहीं पहनते हैं, यही कारण है कि हादसे के बाद यह लोग सुरक्षित निकल नहीं पाते हैं। फरवरी 2021 में माई-नदोम्बे प्रांत में कांगो नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हुआ था जिसमें 60 लोगों की मौत हो गई थी। इस नाव में 700 से ज्यादा यात्री सवार थे इसी कारण नाव का संतुलन बिगड़ गया था और यह हादसा हुआ था।

संबंधित खबरें...

Back to top button